ग्वालियर में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के परिवार पर आरोप

ग्वालियर.शहर के माधोगंज इलाके में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई। एक पक्ष ने दूसरे की आंख में मिर्च झोंक दी। एक पक्ष पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के परिवारजन बताए जा रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई
दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को एक पक्ष जब जमीन पर कब्जा करने पहुंचा, तभी दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे। इस दौरान एक पक्ष की महिलाओं ने आंख में मिर्च झोंक दी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की वीडियो रिकॉर्डिंग की, जो अब सार्वजनिक हो गई है।
पूर्व महापौर के परिवार पर जबरन जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया
पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के परिवार के दीपक गुप्ता पर पड़ोसी रोहिणी घाटगे, मनोज घाटगे, जितेंद्र घाटगे और संजय घाटगे ने जबरन जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि मामला अदालत में चल रहा है, लेकिन दीपक गुप्ता जबरन कब्जा करना चाहते थे, इसी पर विवाद हुआ।