15 दिन में खुलेंगी मल्टीलेवल पार्किंग की दो मंजिलें, देरी पर हर माह 3 लाख की पेनल्टी
बाड़ा के गौरखी परिसर में चल रहा है निर्माण, प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पार्क हो सकेंगे 500 वाहन
ग्वालियर। महाराज बाड़े पर बन रही 3 मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का पहला वर्किंग फेज अगले 15 दिन में आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। गौरखी साइड के हिस्से में पार्किंग का काम चल रहा है। सुरक्षा मानकों की जांच के बाद उपयोग में लाया जाएगा। शुरुआत में 2 मंजिलों पर वाहन पार्क करने की सुविधा मिल सकती है। पार्किंग का काम तय समय से काफी पीछे चल रहा है। जून में कंपनी द्वारा काम पूरा करने की समय-सीमा खत्म हो गई थी। इसके बाद नगर निगम ने ठेकेदार पर हर महीने 3 लाख रुपए की पेनल्टी लगाना शुरू कर दिया है। पार्किंग का ठेका जून में ही पूरा हो चुका है और इससे निगम को हर साल करीब 37 लाख रुपए की आय होना है।
2022 तक करना था पार्किंग का निर्माण
मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण वर्ष 2022 तक पूरा किया जाना था, लेकिन काम लगातार आगे खिसकता रहा। इसकी समय-सीमा कई बार बढ़ाई गई। अब इसे मार्च 2026 तक पूरा करने की डेडलाइन भी दी गई थी। तैयार हिस्से को पहले उपयोग में लेने पर जोर दिया जा रहा है। पार्किंग में देरी का असर बाड़े के आसपास बढ़ते ट्रैफिक पर पड़ रहा है। लंबे समय से निर्माण क्षेत्र के कारण आसपास की गतिविधियां प्रभावित हैं।
1000 से ज्यादा दुकानें, वाहनों का दबाव भी ज्यादा
महाराज बाड़ा शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है। यहां अलग-अलग मार्केट की 1000 से अधिक दुकानें हैं। रोजाना यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, जिसके कारण क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क किनारे और आसपास की गलियों में खड़े होते हैं। मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के बाद वाहनों का दबाव कम होगा। इसमें सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों की संख्या घटेगी और महाराज बाड़े के आसपास यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
एस्केलेटर सहित सभी सुविधाएं
13.5 मीटर गहराई में बनने वाली इस अंडरग्राउंड पार्किंग में तीन मंजिलों की करीब 300 चार पहिया और 200 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग में लिफ्ट, एस्केलेटर, पावर सिस्टम और बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम बनाने का प्रावधान है। ऊपर बने गार्डन को भी विकसित किया जाना है।मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण होने के बाद इससे नगर निगम को हर साल आय होगी। काम में देरी के कारण ठेका कंपनी पर जून से प्रतिदिन पेनल्टी लगाई जा रही है। यह ठेका 15 साल के लिए किया गया है।
गौरखी साइड में फिनिशिंग का काम जारी
पार्किंग के गौरखी साइड वाले हिस्से में मल्टीलेवल का काम चल रहा है। इसी हिस्से को तैयार कर पहली दो मंजिलों का उपयोग में लाने की तैयारी की जा रही है। पार्किंग में लिफ्ट और सुरक्षा से जुड़े काम पूरे होने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
पहली दो मंजिलों को शुरू किया जा रहा है
पार्किंग का काम तय समय से काफी पीछे चल रहा है। एंजेंसी को काम में गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। तैयार हिस्सों में तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े कामों की जांच की जा रही है। हमारा प्रयास है कि काम जल्द पूरा हो, ताकि आम लोगों को पार्किंग की सुविधा मिल सके। अभी हम तीन लाख रुपए हर महीने की पेनल्टी लगा रहे हैं।
संघ प्रिय, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन