ग्वालियर में हुंडी कारोबारी मेहता के घर व प्रतिष्ठानों पर छापा, 50 करोड की हुंडिया व 1 करोड नगद मिले
ग्वालियर. शहर के बडो प्रॉपर्टी एवं हुंडी कारोबारियों में शुमार संजय मेहता और उनके परिजन आयकर विभाग के रडार पर है। भोपाल से आई इनकम टैक्स की टीम गुरूवार सुबह करीब 9 बजे मेहता परिवार के सराफा बाजार स्थित अंगूरी ज्वैलर्स, करिश्मा ज्वैलर्स, नवल ज्वैलर्स और अन्य प्रतिष्ठानों व घर पर पहुंची। सभी परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। आयकर विभाग के अधिकारी स्टॉक का मूल्यांकन और अकाउंट की जांच में जुटे रहे। जानकारी के अनुसार पहले दिन लगभग 50 करोड की हुंडिया और लगभग 1 करोड रुपए नगद भी मिले है। हालांकि इस राशि की आधिकारिक पुष्टि करने से अधिकारी कतरा रहे है। जांच में अधिकारियों को बैंक लॉकर की भी जानकारी मिली है जिन्हें आज खोला जा सकता है। कार्रवाई में परिवार के विनोद कुमार मेहता (बंटी), अजय, संतोष, अमित मेहता के नाम सामने आए है। हालांकि सर्च के समय संजय मेहता ग्वालियर में नहीं थे उनसे बाद में पूछताछ की जाएगी।
20 मार्च की कार्रवाई से जुडे तार
आयकर विभाग की ये कार्रवाई 20 मार्च 2023 को सराफा कारोबारी पारस जैन के यहां हुई कार्रवाई का दूसरा भाग बताया गया है। उस कार्रवाई में इनकम टैक्स विभाग को जैन के पास से इन फर्म से लेन-देन के कागजात मिले थे। एक अधिकारी ने नाम न छापने के आग्रह पर बताया कि पारस जैन ने निर्माण के लिए काफी बडी रकम मेहमा परिवार से उधार ली थी। हालांकि उस समय स्टाफ व अन्य कारणों के चलते मेहता परिवार को जांच के घेरे में नहीं लिया गया था।
विस चुनाव से जोडकर देखी जा रही छापे की कार्रवाई
आयकर की कार्रवाई को विधानसभा चुनाव से भी जोडकर देखा जा रहा है। एक चर्चा सामने आई है कि ब्याज पर पैसे चलाने के व्यापार में मेहता परिवार केवल मुखौटा है। कई व्यापारियों, अधिकारियों, नेताओं ने हर माह लाखों रुपये कमाने के लिए अपनी काली कमाई उन्हें दे रखी है। कयास लगाए जा रहे है कि इस कार्रवाई के साइड इफेक्ट उन नेताओं पर पडेंगे जो चुनाव में हवाला के जरिए लाखों रुपए का ट्रांजेक्शन करने की फिराक में थे।