घाटीगांव में नाबालिग से गैंगरेप, 2 लड़कों ने अगवा कर किया दुष्कर्म
ग्वालियर. घाटीगांव में एक नाबालिग के साथ दो लड़कों ने गैंगरेप किया है। 12 वर्षीय छात्रा को पहचान वाले यह युवक रास्ते मंे मिले। जबरन उसे अपने साथ ले गए और वारदात को अंजाम दिया। घटना एक दिन पहले घाटीगांव इलाके की है। घटना के बाद घर पहुंची छात्रा ने परिजन को पूरी घटना से अवगत कराया। परिजन छात्रा काे लेकर घाटीगांव पहुंचे और मामले की शिकायत की है। पुलिस ने बिना देर किए गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों की तलाश में दबिश दी है। फिलहाल आरोपी हाथ नहीं आए हैं।
आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर स्थित घाटीगांव निवासी 12 वर्षीय पीड़िता 7वीं की छात्रा है। गुरुवार को वह अपनी सहेली से मिलकर घर के लिए वापस आ रही थी। अभी वह मुख्य मार्ग पर पहुंची ही थी कि तभी बाइक सवार छोटू और अब्दुल निवासी पनिहार उसके पास पहुंचे। इन दोनों को वह पहले से जानती है। छात्रा को अकेला देखकर दोनों लड़के जबरन उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। बाइक सवार छात्रा को लेकर ग्वालियर आए और यहां एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी उसे बेरहमी से पीटते रहे। छात्रा ने आरोपियों के पैर पकड़े, रहम की भीख मांगी, लेकिन वह नहीं माने और उसकी मारपीट कर उसके साथ गलत काम किया। वारदात के बाद आरोपी उसे घर के पास छोड़कर भाग गए। घर पहुंचने के बाद पीड़ित छात्रा ने घटना की जानकारी परिजन को दी और थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।