मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्ट्रांग रूम, मतदान केन्द्र एवं मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

ग्वालियर विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के लिये मतदान दलों की रवानगी, मतगणना एवं स्ट्राँग रूम महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय (एमएलबी) में बनाया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान कॉलेज में पहुँचकर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिये की जा रही तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एमएलबी कॉलेज में बनाए गए मतदान केन्द्रों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही मतदान दलों की रवानगी और मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान दलों द्वारा सामग्री जमा करने की व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदान हो, इसके लिये मतदाता जागरूकता अभियान पर विशेष जोर दिया जाए। नए मतदाता एवं दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का उपयोग करें, इसके लिये जन जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखा जाए। इसके साथ ही मतदाताओं की सुविधा हेतु निर्वाचन आयोग द्वारा जो – जो ऑनलाइन सुविधाएँ मतदाताओं के लिये उपलब्ध कराई गई हैं उसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी हो ताकि अधिक से अधिक लोग उसका लाभ लेकर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी कर सकें।