ग्वालियर का भविष्य 16.25 लाख वोटर तय करेंगे
ग्वालियर. ग्वालियर की 6 विधानसभा सीटों पर इस बार चुनाव में 16 लाख 25 हजार 768 वोट भविष्य तय करेंगे। बुधवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इसी मतदाता संख्या के साथ सूची राजनीतिक दलों को सौंप दी गई। पिछले 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के मतदाताओं के आंकड़ों की तुलना में इस बार सबसे ज्यादा मतदाता पूर्व विधानसभा में 32 हजार से ज्यादा बढ़े हैं। वहीं जिले की दक्षिण विधानसभा के आंकड़े देख थोड़ी हैरानी भी होगी क्योंकि इस विधानसभा में सिर्फ चार हजार के लगभग ही मतदाता बढ़े हैं।
इस बार विधानसभा चुनाव में पिछली बार की तुलना से एक लाख 36 हजार ज्यादा वोटर हैं। वहीं जेंडर रेशियो 892 हो गया है। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के अंतर्गत ग्वालियर जिले में भी मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। साथ ही जिले के सभी 1659 मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन भी किया गया। संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कराया गया।
निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का। कार्य 2 अगस्त से शुरू हुआ था। 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए गए थे। समस्त संशोधनों को समाविष्ट करते हुए सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है। ज्ञात हो आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य 2 अगस्त से शुरू हुआ था। 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आनलाइन और आनलाइन आवेदन लिए गए थे।