न्यू जनक हॉस्पिटल स्टाफ ने मरीज के परिजन को लातें मारीं, पेशेंट की बेटी का आरोप- स्टाफ ने छेड़छाड़ की

ग्वालियर. न्यू जनक हॉस्पिटल के स्टाफ के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। हॉस्पिटल से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें स्टाफ के लोग एक शख्स से गाली गलौज करते हुए लातें मारते हुए दिख रहे हैं। कंपू थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर हॉस्पिटल के स्टाफ प्रतीक गौर सहित अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। 18 साल की युवती का आरोप है कि हॉस्पिटल में उसके पिता भर्ती थे, जब उनको डिस्चार्ज करने के लिए कहा तो स्टाफ ने छेड़छाड़ की। मेरे भाई ने विरोध किया तो स्टाफ ने उससे मारपीट की गई।

स्टाफ की हरकतों से तंग आकर डिस्चार्ज का कहा
युवती ने शिकायत में बताया कि जब से पिता को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, वहां का स्टाफ के लोग लगातार अभद्र कमेंट्स कर रहे थे। पिता के स्वास्थ को लेकर सब झेलती रही। उनका इलाज आयुष्मान योजना के तहत चल रहा था। स्टाफ की हरकतों के चलते सोमवार को पिता को डिस्चार्ज करने के लिए कहा। इस पर स्टाफ और ज्यादा बदतमीजी करने लगा। डिस्चार्ज करने से मना कर दिया। मेरे रिश्ते के भाई ने इसका विरोध किया तो उसे गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए पीटने लगे। भाई नर्सिंग संगठन का प्रदेशाध्यक्ष रह चुका है।
बिना प्रोसेस के डिस्चार्ज करवाना चाहते थे परिजन
न्यू जनक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनीष गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में लड़की के पिता आयुष्मान योजना के तहत भर्ती हुए थे। इसमें डिस्चार्ज की पूरी प्रक्रिया होती है, लेकिन मरीज के परिजन बिना प्रक्रिया पूरी किए जाना चाहते थे। हमारे स्टाफ ने उन्हें समझाया, लेकिन वह नहीं माने और स्टाफ से अभद्रता की।