टायर फैक्ट्री में लगी आग
मुरैना. नूराबाद में एक पुराने टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। आग उस समय लगी जब फैक्ट्री के टीन शेड पर बेल्डिंग का काम चल रहा था। बेल्डिंग से निकली चिंगारी नीचे रखे पुराने टायरों पर पड़ी जिससे उनमें आग लग गई। आग इतनी बेकाबू हो गई कि उसने चंद मिनटों में फैक्ट्री को अपने आगोश में ले लिया। बाद में आधा दर्जन गाड़ियों से आग पर काबू पाया जा सका तब तक काफी देर हो चुकी थी तथा फैक्ट्री का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया था।
बेल्डिंग से निकली चिंगारी नीचे रखे टायरों पर गिरी तो उनमें आग लग गई
बता दें, कि नूराबाद के जड़ेरुआ गांव के पास बायो इण्डस्ट्रीज नामक से एक फैक्ट्री है। उस फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर उनका तेल निकाला जाता था। रोजाना की तरह यही काम हो रहा था। फैक्ट्री के टीन शेड पर बेल्डिंग का काम चल रहा था। जिस जगह बेल्डिंग का काम चल रहा था उसके ठीक नीचे पुराने टायर रखे हुए थे। बेल्डिंग के दौरान उससे निकली चिंगारी नीचे रखे टायरों पर गिरी तो उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी भड़क गई कि उसने पूरी फैक्ट्री को अपने कब्जे में ले लिया।
वेस्ट मेटैरियल सहित लाखों का नुकसान
जिस जगह बेल्डिंग वर्क चल रहा था वहां पुराने टायर रखे हुए थे जिससे फैक्ट्री के अन्दर रखे वेस्ट मैटेरियल में आग लग गई। आग ने फैक्ट्री की मशीनों को भी अपने आगोश में ले लिया जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया।