नया बाजार में दिनदहाड़े वारदात, महिला के 5 लाख रुपए के गहने लेकर भागे बदमाश
ग्वालियर. दिनदहाड़े तीन बदमाश एक महिला को देवी मां के दर्शन कराने का झांसा देकर 5 लाख रुपए के गहने उतरवाकर ले गए। बदमाशों ने महिला को डराया था कि उन्होंने देवी मां के दर्शन नहीं किए तो कुछ अनिष्ठ हो जाएगा। जिस पर महिला ने गहने उतार दिए थे। इसके बाद बदमाश कुछ देर में आने की कहकर बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घटना रविवार दोपहर नया बाजार की है। पहले परिजन कोतवाली थाने पहुंचे, लेकिन घटना स्थल कंपू थाना का होने पर परिजन कंपू थाना पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरे खंगाले तो एक संदेही नजर आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर पड़ताल कर रही है।
दिनदहाड़े जेवरात ठगने की घटना हुई
नया बाजार निवासी सुरेशचन्द्र गुप्ता व्यवसायी हैं। उनकी 50 वर्षीय पत्नी मालती गुप्ता के साथ रविवार दिनदहाड़े जेवरात ठगने की घटना हुई है। महिला रोज नया बाजार चौराहे पर हनुमान मंदिर के दर्शन करने जाती है और वहां से भैरो मंदिर दर्शन करते हुए घर पहुंचती हैं। रोज की तरह रविवार को भी मालती दोनो मंदिर मे दर्शन करने के बाद वह सब्जी लेने जा रही थी। तभी रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोका। उनसे बोला कि माताजी एक तरफ आ जाओ। उन्हें लगा कि कोई परिचित होगा। इसके बाद उसने कहा कि मैं आपको देवी मां के दर्शन करवाता हूं। इससे परिवार पर आए सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। हालांकि उन्होंने मना किया, लेकिन तभी उसका दूसरा साथी आ गया। वह बोला माताजी चिंता नहीं करो, यह जो कह रहा है सच कह रहा है। यदि माता के दर्शन करने के लिए मना किया तो अनिष्ठ हो जाएगा। उन्होंने महिला के हाथ से करीब साढ़े सात तोले की चार सोने की चूडी़ और डेढ़ तोले वजनी गले से सोने की जंजीर उतरवा ली फिर सोने के सारे गहने लेकर अभी आने की कहकर गए और लौटकर नहीं आए। महिला ने इतना ही देखा कि दोनों युवक बाइक सवार तीसरे साथी के साथ फरार हाे गए।
CCTV कैमरे में दिखा एक संदेही
वारदात होने पर गुप्ता परिवार पहले कोतवाली थाने गया वहां से पुलिस मौके पर आइे तो उन्होंने कहा कि यह हमारा क्षेत्र नहीं है। इसके बाद वह कंपू थाने पहुंचे। पुलिस को पूरा मामला बताया। टीआई कंपू ने पूरी गंभीरता से मामले को लिया। इसके बाद तुरंत ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचाए। CCTV कैमरे चैक किए तो बदमाश एक बाइक पर जाते हुए दिखाइे दे गए।