प्लेटफार्म नंबर 1 के बाहर बना रिजर्वेशन ऑफिस शिफ्ट होगा
ग्वालियर. झांसी मंडल के डीआरएम दीपक कुमार सिन्हा ने बुधवार को रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की समीक्षा की। इस दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्म नंबर 4 पर होने वाले काम का जायजा लिया। अफसरों ने बताया कि अभी प्लेटफार्म नंबर 1 से लेकर 4 के बीच नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का काम चल रहा है। वहीं डिप्टी सीई कंस्ट्रक्शन आकाश यादव ने डीआरएम को बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक के बाहर बना रिजर्वेशन कार्यालय व जनरल बुकिंग विंडो को तानसेन एरिया में बनने वाली नई ऑफिस बिल्डिंग में दिसंबर तक शिफ्ट किया जाएगा। यानी रेलवे स्टेशन पुनर्विकसित होने के बाद यात्रियों को टिकट बुकिंग कराने के लिए तानसेन क्षेत्र ऑफिस में जाना होगा।
हेतमपुर-धौलपुर के बीच रेल ट्रैक की बही मिट्टी वाली साइट को डीआरएम ने देखा
झांसी मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिंन्हा ने धौलपुर-झांसी रेलखंड का निरीक्षण किया। डीआरएम ने हेतमपुर के पास किलोमीटर संख्या 1288 के निकट हाल ही में रेल ट्रैक के पास की बही मिट्टी वाली साइट को देखा। अभी इस सेक्शन से ट्रेनों का संचालन कॉशन के साथ किया जा रहा है। इसके साथ ही नए चंबल ब्रिज का सघन निरीक्षण किया। इसके बाद मुरैना स्टेशन, माल गोदाम और सर्कूलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आशुतोष चौरसिया, शाशिकांत त्रिपाठी, अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल और दूरसंचार इंजीनियर अमित गोयल आदि मौजूद रहे।