आर्मी जवान के घर में चोरी, गहने-नकदी ले गए चोर
ग्वालियर. आर्मी जवान के सूने घर के ताले चटकाकर चोर गहने-नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। वारदात रविवार-सोमवार दरमियानी रात हुई है। वारदात के समय आर्मी जवान का परिवार बहन के यहां दष्ठौन समारोह में शामिल होने के लिए गया था। सोमवार को परिवार के लौटने पर घटना का पता लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद चोरी का मामला दर्ज किया है। घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में एक बदमाश आता हुआ दिख रहा है। इसी संदेही की पुलिस को तलाश है।
महाराजपुरा के आदित्यपुरम स्थित काव्याजंलि पुरम निवासी संदीप सिंह भदौरिया आर्मी जवान है और अभी जयपुर राजस्थान में पदस्थ है। यहां पर उनकी पत्नी सुषमा, बच्चे और अन्य परिजन रहते है। संदीप की बहन ने बेटी को जन्म दिया था। सुषमा और अन्य परिजन दष्ठौन में शामिल होने के गए थे और घर पर ताले डाल गए थे। मकान सूना था और चोर गिरोह की उस पर नजर थी। सूना घर देखकर चोरों ने ताले चटकाएं और अलमारी में रखे करीब चार से पांच तोला सोने के गहने, चांदी व 50 हजार रुपए नकद के साथ अन्य सामान पार कर दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जंाच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।