मुरैना में स्थगित, जन आशीर्वाद यात्रा, निराश हुए भाजपाई

मुरैना. भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित कर दी गई। यात्रा स्थगित करने के पीछे मुख्य कारण अत्यधिक बारिश होना तथा मुख्यमंत्री का काफिला काफी देरी से मुरैना शहर में पहुंचना था। रात 10 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा लेकर मुरैना शहर में पहुंचे तथा वहां बैरियर चौराहे पर 2 मिनट का भाषण देने के बाद सीधे शासकीय गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां से ग्वालियर के लिए निकल गए।

बारिश के कारण यात्रा को स्थगित कर दिया गया
बता दें कि, सबलगढ़ से कैलारस तथा जौरा होते हुए यात्रा मुंगावली गांव पहुंची। रास्ते में यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ जिसके कारण यात्रा को मुरैना शहर पहुंचते पहुंचते रात के 10 बज गए। मुंगावली में ही काफी समय लग गया था तथा रात हो गई थी। देर रात होने तथा बारिश के कारण यात्रा को स्थगित कर दिया गया। मुरैना में दिनभर मूसलाधार बारिश हुई जिसने मुरैना शहर की सड़कों को पानी से लबालब कर दिया। यात्रा की तैयारी के लिए मुरैना शहर को बैनरों व पोस्टर से पाट दिया गया था। दिन भर भाजपाई अपने पलक पांवड़े बिछाए जन आशीर्वाद यात्रा का इंतजार करते रहे, लेकिन जब उन्हें यह पता लगा कि यात्रा स्थगित कर दी गई है तो उन्हें काफी निराशा हुई।

भाजपाइयों को लगा गहरा धक्का
मुरैना शहर में जन आशीर्वाद यात्रा के निरस्त होने से सबसे अधिक नुकसान भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को हुआ है। उन्हें गहरा धक्का लगा है। उन्होंने यह सपने में भी नहीं सोचा था कि यात्रा को स्थगित कर दिया जाएगा।