गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने श्योपुर की जनसभा को ग्वालियर विमानतल से किया वर्चुअली किया संबोधित
तेज बारिश की वजह से हैलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर नहीं पहुँच सके
श्योपुर, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में विकास का नया युग प्रारंभ हुआ है। देश अमृतकाल में निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। केन्द्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में पहुँच गया है। केन्द्रीय गृहमंत्री श्योपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल जनसभा को ग्वालियर विमानतल से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जनसभा को वर्चुअली संबोधित किया।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार के अपरान्ह में ग्वालियर में हुई तेज बारिश की वजह से हैलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर नहीं पहुँच सके। उन्होंने ग्वालियर विमानतल परिसर से वर्चुअल श्योपुर की जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, खजुराहो सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी मौजूद थे।
गृह मंत्री ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में गिना जाता था। वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े आयाम स्थापित हुए हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण के अद्भुत कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश विकास की नई इबारत लिख रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसानों को खेती के लिये पर्याप्त बिजली व पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ गरीबों को अनाज और इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा केन्द्र व राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण का काम कर रही है, जिससे प्रदेश व देश दिन दूनी और रात चौगुनी तरक्की कर रहा है।
पवित्र त्रिवेणी संगम का तीर्थ स्थल के रूप में होगा विकास
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली संबोधन के दौरान घोषणा की कि श्योपुर जिले में स्थित पवित्र रामेश्वर त्रिवेणी संगम को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिये जल्द ही धनराशि मंजूर की जायेगी। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने टेलीफोन पर मुख्यमंत्री से रामेश्वर त्रिवेणी संगम को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ श्योपुर क्षेत्र का विकास किया है – केन्द्रीय मंत्री
श्योपुर में आयोजित सभा में केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि श्योपुर से कोटा तक रेलवे लाईन बिछाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह हम सब लोगों के लिये प्रसन्नता की बात है। इससे इस क्षेत्र में आवागमन की बेहतर सुविधायें मिलने के साथ-साथ विकास के नए दरवाजे खुलेंगे। उन्होंने रेल लाइन की मंजूरी देने के लिये रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने श्योपुर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। श्योपुर में मेडीकल कॉलेज, चेटीखेडा एवं मूझरी बांध तथा 35 गांव की नहर सहित सिंचाई की अनेक योजनाओं के साथ-साथ किसानों, महिलाओं और जनकल्याण के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लिये कार्य किया गया है।
प्रदेश में विकास के अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं – ज्योतिरादित्य सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री और प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास के अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2003 के बाद मध्यप्रदेश में सड़कों के सुधार की दिशा में बेहतर कार्य हुआ है। वर्ष 2003 में जहाँ 44 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, वहाँ अब 5 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया गया है। बिजली उत्पादन की दिशा में भी अनुकरणीय कार्य हुआ है।
श्योपुर रेलवे स्टेशन का होगा आधुनिकीकरण – रेल मंत्री श्री वैष्णव
केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि श्योपुर से कोटा तक की रेल लाईन बिछाई जायेगी। साथ ही श्योपुर के रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जायेगा। केन्द्र सरकार इसके लिये धन की कमी नहीं आने देगी। अगले चार माह में कैलारस स्टेशन तक रेल चलाने का लक्ष्य रखा गया है, ग्वालियर से श्योपुर एवं कोटा तक रेलमार्ग को स्वीकृति प्रदान की गई है।