श्योपुर से अमित शाह आज जनआशीर्वाद यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

भोपाल. प्रदेश की अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की 82 सीटों की चुनावी कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हवाले रहेगी। शाह मंगलवार को मंडला और श्योपुर से जनआशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर अजा-अजजा हित का संदेश भी देंगे। मप्र में वे पहले भी आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। लगभग तीन वर्ष पहले वे राजा शंकर शाह- रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस 18 सितंबर को जबलपुर आए थे। यहां से उन्होंने आठ सूत्रीय वादे किए थे, इसमें पेसा नियम लागू करने का वादा भी था। शाह ने यहां स्मारक और संग्रहालय बनाने का भूमिपूजन भी किया था।


संभावना है कि इसका लोकार्पण शाह या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों हो। इसी वर्ष फरवरी में सतना में कोल महाकुंभ में भी शाह शामिल हुए थे। इधर, प्रधानमंत्री मोदी 14 सितंबर को मप्र के एक दिवसीय प्रवास पर आने वाले हैं। वे बीना रिफायनरी में 50 हजार करोड़ की पेट्रो केमिकल परियोजना के विस्तार की आधारशिला रखेंगे। इसी माह मोदी भोपाल भी आएंगे, जहां 10 लाख कार्यकर्ताओं के महाकुंभ में शामिल होंगे।