गोविंदपुरी ट्रैफिक सिग्नल पर प्रॉपर्टी कारोबारी ने खुद को गोली मारी
ग्वालियर. एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घर पर झगड़े के बाद वह कार लेकर निकला था। एक ट्रैफिक सिग्नल पर उसने गाड़ी रोकी। यहां बेटे के दोस्त ने उसे रोकने की कोशिश की, इससे पहले उसके सामने ही उसने खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाटीपुर थाना के पास रहने वाले अरुण सिंह तोमर (45) मूल रूप से किसान था। वह प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त का काम भी करता था। सोमवार दोपहर किसी बात को लेकर परिवार के लोगों से उसका झगड़ा हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकला। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन लगातार उसे फोन लगाते रहे, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया।
राघवेंद्र ने रोकने की कोशिश की लेकिन गाड़ी नहीं रोकी
अरुण के बेटे सक्षम ने अपने दोस्त राघवेंद्र को कॉल किया। बताया कि पिताजी फोन नहीं उठा रहे हैं। घर से नाराज होकर निकले हैं। इसके बाद राघवेंद्र ने भी बाइक से उनकी तलाश शुरू की। सक्षम भी बाइक से पिता की तलाश में निकल पड़ा। इसी बीच, राघवेंद्र ने अरुण तोमर की कार को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी इलाके में जाते देखा। राघवेंद्र ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी। कुछ दूर जाकर कुलपति बंगला चौराहा के ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट होने पर उन्हें गाड़ी रोकनी पड़ी।
दरवाजा खोलने कहा तो खुद को गोली मार ली
प्रत्यक्षदर्शी राघवेंद्र ने बताया कि अरुण अंकल को बाइक से हम चार-पांच लोग तलाशते हुए निकले थे, तभी वो गोविंदपुरी चौराहे पर कार से जाते दिखे। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। आगे ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट होते ही उन्होंने कार रोकी। मैंने जाकर उन्हें दरवाजा खोलने को कहा तो उन्होंने पिस्टल निकालकर खुद को गोली मार ली। घबराकर मैंने सक्षम और पुलिस को सूचना दी। इतने में परिजन मौके पर पहुंच गए। वे उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया है।
पारिवारिक कारणों से अरुण ने खुदकुशी की
फिलहाल घटना के मूल कारण पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि पारिवारिक कारणों से अरुण ने खुदकुशी की है। अरुण तोमर जमीनों की खरीद फरोख्त से जुड़े थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके नाम से लाइसेंसी पिस्टल नहीं थी। पुलिस पिस्टल के बारे में जांच कर रही है। पता लगा है कि पिस्टल उनके दोस्त की थी। क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कार में एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली है। इस पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पिस्टल भी बरामद कर ली है। खुदकुशी के कारणों की पड़ताल की जा रही है।