MP में सबसे महंगी गैस ग्वालियर और मुरैना में, 986.50 प्रति सिलेंडर
भोपाल. केंद्र सरकार ने एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) के घरेलू सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) के दाम में 200 रुपए की कमी की है। नई कीमत 30 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन से लागू हो चुकी है। भोपाल में अब एलपीजी सिलेंडर 908.50 रुपए, इंदौर में 931, जबलपुर में 909.50, ग्वालियर में 986.50 और उज्जैन में 962.50 रुपए में मिलेगा। हालांकि, दाम घटने पर भी ग्वालियर-चंबल में इसके रेट 1000 रुपए के आसपास ही हैं। मुरैना में गैस सिलेंडर 987 रुपए में मिल रहा है। मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा दाम यहीं पर हैं। ग्वालियर और भिंड में रेट 986.50 प्रति सिलेंडर है। निवाड़ी, टीकमगढ़, दतिया, झाबुआ, श्योपुर, शिवपुरी और रतलाम में रेट 980 रुपए से अधिक हैं।
भोपाल और मुरैना के रेट में 78 रुपए का अंतर
मुरैना में गैस सिलेंडर सबसे महंगा है, जबकि राजधानी भोपाल में सबसे सस्ता। दोनों शहरों में इसके रेट में 78.50 रुपए का अंतर है। भोपाल की ही तरह सीहोर में भी गैस सिलेंडर की कीमत 908 रुपए 50 पैसे है। जबलपुर में 909.50 और शाजापुर में 916.50 रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है। दमोह, सागर, विदिशा, डिंडोरी, अशोकनगर, अनूपपुर, कटनी और पन्ना में कीमत 926 रुपए तक है।