एसपी ऑफिस में पहुंची नन्ही स्कूली छात्राओं ने एसपी को बांधी राखी

ग्वालियर। शहर के लिटिल मिलेनियम स्कूल की नन्हीं बालिकाएं शुक्रवार की सुबह एसपी ऑफिस पहुंची। इन नन्हीं बालिकाओं के इंतजार में एसपी राजेश सिंह चंदेल सहित एएसपी ग्रामीण निरंजन शर्मा तथा अन्य पुलिस अधिकारीगण पहले से ही मौजूद थे। बालिकाओं ने अपने नन्हें हाथों से पुलिस अधीक्षक ग्वालियर सहित सभी अधिकारियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और पुलिस अधिकारियों से बालिकाओं की रक्षा का वचन लिया। पुलिस अधिकारियों ने भी नन्हीं बालिकाओं को चॉकलेट व मिठाई खिलाकर उनकी रक्षा का वचन दिया। इस अवसर पर स्कूली बच्चियों के साथ उनकी टीचर प्रियंका चौवे, दीप्ति शर्मा उपस्थित रहीं।
रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक होता है। यह त्यौहार भारतीय भाई-बहनों के लिए एक बहुत ही खास दिन होता है। यह त्यौहार भाई-बहन के एक दूसरे के प्रति स्नेह को दर्शाता है। जिसका हर भाई बहन को बेसब्री से इंतजार रहता है। इसी दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनसे रक्षा का वचन लेती हैं। ऐसे में पुलिस के जवान जो हमेशा ही लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं, उनकी कलाई सूनी कैसी रह सकती है। इसी क्रम में आज ग्वालियर शहर के लिटिल मिलेनियम स्कूल की नन्हीं बालिकाओं ने रक्षाबंधन से पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी ग्वालियर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को राखियां बांधी और सुरक्षा की बात कही।