ग्वालियर में आचार संहिता में फायरिंग, दनादन फायरिंग करते दिखे दो युवक
ग्वालियर. चंबल अंचल में बंदूक रखना और उसे लेकर चलना बड़े ही शान की बात मानी जाती है, यही कारण है कि घरों में होने वाले किसी भी छोटे-मोटे घरेलू कार्यक्रमों में भी हर्ष फायरिंग जैसे मामले सामने आते रहते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से हर्ष फायरिंग को लेकर सक्त निर्देश हैं और इसपर रोक भी लगा रखी है। लेकिन इसके बावजूद भी अपनी झूठी शान के खातिर फायरिंग करने वालों में कमी नहीं आ रही है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दो युवक लाइसेंसी हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। जबकि आसपास मौजूद लोग सहमे हुए खड़े हुए है। फिलहाल वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्काल वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
बता दें कि लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने वाले दोनों युवकों का यह वायरल वीडियो ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मात्र 21 सेकंड के इस वायरल वीडियो में जहां एक व्यक्ति नीचे खटिया पर बैठा नजर आ रहा है और अपनी राइफल से एक के बाद अंधाधुंध फायरिंग करता दिख रहा है तो वही उसको देखकर दूसरे एक अन्य युवक को भी जोश में आ जाता है और वह भी अपनी बंदूक से छत से एक के बाद एक फायर शुरू कर देता है। जानकारी के मुताबिक किसी गांव में हो रहे कार्यक्रम में यह हर्ष फायरिंग की गई है। युवक द्वारा हथियार से फायरिंग करने का यह वीडियो किसी गांव वाले ने अपने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो पुलिस के पास भी पहुंचा है और पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिरकार यह वीडियो किस गांव का है। वही फायरिंग करने वाले युवकों की भी पहचान की कोशिश की जा रही है पता यह भी चला है कि फायरिंग का यह वीडियो काफी पुराना है जिसे अब सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।
थाना प्रभारी और एसडीओपी को दिए कार्रवाई के आदेश
एडिशनल एसपी देहात निरंजन शर्मा का कहना है कि अभी हमारे संज्ञान में एक वीडियो आया है जिसमें दो युवक बंदूक से फायर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो बिजौली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है इसके लिए मैंने संबंधित थाना प्रभारी और एसडीओपी को निर्देशित कर दिया है कि इस वीडियो में वायरिंग करने वाले को आईडेंटिफाई करके इनके ऊपर वैज्ञानिक कार्रवाई की जाए साथ ही इनके लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।