देश सेवा में माझी समाज सदैव अग्रणी रहा है – ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर – माझी समाज कर्मठ व क्षमतावान समाज है। जितनी पुरानी भारत की संस्कृति है उतना ही पुराना यह समाज है। जब-जब देश को जरूरत पड़ी तो माझी समाज की विभूतियों ने आगे आकर सहयोग किया। त्रेतायुग में वन-गमन के समय भगवान राम को माता-सीता एवं भैया लक्ष्मण सहित माझी समाज के केवट व निषादराज महाराज ने गंगा पार कराई। इसी तरह 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीर तिलका मांझी ने स्वतंत्रता की अलख जगाकर अंग्रेजो के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर किए। इस आशय के विचार केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने माझी समाज द्वारा आयोजित संवाद एवं परिचर्चा कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने इस अवसर पर भरोसा दिलाया कि माँझी समाज की माँगों व समस्याओं का समाधान पूरी शिद्दत के साथ कराया जायेगा।
शुक्रवार को लधेड़ी क्षेत्र में सागरताल रोड़ पर स्थित पटेल गार्डन में आयोजित हुए माझी समाज के सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम बाथम, माँझी समाज के प्रदेश अध्यक्ष केशव माँझी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, रामजीलाल माझी सहित माझी समाज के अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माझी, बाथम, ढीमर, मल्लाह, भोई व निषाद समाज के बंधुजन व महिलाओं ने हिस्सा लिया।
श्री सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार माझी समाज सहित सभी समाजों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मछुआ कल्याण बोर्ड का गठन कर सीताराम बाथम को इसके अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि माझी समाज की समस्याओं व माँगों संबंधी मुद्दों को समझकर उनका समाधान कराया जायेगा। उन्होंने कहा माझी समाज और सिंधिया परिवार के बीच सदैव आत्मीय रिश्ता रहा है। सिंधिया सियासतकाल में तमाम बड़े-बड़े जलाशयों के माध्यम से माझी समाज को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
इस अवसर पर माझी समाज के लोगों का आह्वान किया कि वे समाज के कार्यक्रमों के मंचों पर वीर तिलका माझी के चित्र भी अवश्य लगाएँ, जिससे नई पीढ़ी उनकी वीर गाथा से अवगत हो सके।
आरंभ में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया व ऊर्जा मंत्री श्री तोमर सहित अन्य अतिथियों ने निषादराज गुहा महाराज के चित्र पर पुष्पाहार अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में शामिल होने आए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया का केवट माझी समाज की महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर आत्मीय स्वागत किया।