मुरार में लूट करते समय घायल बदमाश की मौत, पढ़ाई के लिए दतिया से आया था

ग्वालियर. मुरार में लूट करने के बाद भागते समय बाइक से टकराकर घायल हुए बदमाश की इलाज के दौरान गुरुवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर उसके साथी आशू गुर्जर पर धारा 304-ए के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा को थाने पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि वह दतिया का रहने वाला था और ग्वालियर पढ़ने के लिए आया और मुरार के लाल टिपारा स्थित ताऊ के मकान में रहता था। यहां उसकी मुलाकात आशू और एक अन्य साथी से हुई थी। इसके बाद वह गलत संगत में फंसता गया और बुधवार रात को यह घटनाक्रम हुआ। लूट की घटना के बाद आशू गुर्जर फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। उल्लेखनीय है कि बुधवार रात सात नंबर चौराहा पर दुकान संचालक का पर्स लूटते के बाद भागते समय बाइक सवार बदमाश सामने की ओर से आ रही बाइक में जा भिड़े थे। जिसमें एक बदमाश के सिर में गंभीर चोट आई थी।

आशू का भाई धौलपुर में पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक आशू का भाई धौलपुर में चोरी का मोबाइल बेचता पकड़ा गया है। पुलिस को बदमाशों के पास से बिना नंबर की जो अपाचे बाइक मिली है। वह भी चोरी की बताई जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने संबंधित थाने से संपर्क साधा है।