PM मोदी और जो बाइडन की व्हाइट हाउस में मुलाकात, दोनों ने एक-दूसरे को दिए खास तोहफे
वाशिंटनः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं. इस स्टेट विजिट के दूसरे दिन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी प्रथम महिला जिल बाइडन ने व्हाइट हाउस में राजकीय रात्रिभोज के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी की. इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति जो और उनकी पत्नी बिल ने पीएम मोदी को गिफ्ट दिए, वहीं भारतीय प्रधानमंत्री ने भी दोनों को उपहार सौंपे.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने आधिकारिक उपहार के हिस्से के रूप में पीएम मोदी को 20वीं सदी की शुरुआत की एक हस्तनिर्मित और प्राचीन अमेरिकी बुक गैली भेंट की. राष्ट्रपति बाइडन ने पीएम मोदी को एक विंटेज अमेरिकी कैमरा भी उपहार में दिया, जिसके साथ जॉर्ज ईस्टमैन के पहले कोडक कैमरे के पेटेंट का एक अभिलेखीय प्रतिकृति प्रिंट और अमेरिकी वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की एक हार्डकवर बुक भी थी. जिल बाइडेन ने पीएम मोदी को 'कलेक्टेड पोयम्स ऑफ रॉबर्ट फ्रॉस्ट: द व्हाइट हाउस' की हस्ताक्षरित और प्रथम संस्करण प्रति उपहार में दी.
पीएम मोदी ने अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन को लैब में विकसित 7.5 कैरेट का ग्रीन डायमंड उपहार में दिया. यह हीरा पृथ्वी से निकाले गए हीरों के रासायनिक और ऑप्टिकल गुणों को दर्शाता है और पर्यावरण के अनुकूल भी है. क्योंकि इसके निर्माण में सौर और पवन ऊर्जा जैसे पर्यावरण विविध संसाधनों का उपयोग किया गया है. यह भारत की 75 वर्षों की स्वतंत्रता और टिकाऊ अंतरराष्ट्रीय संबंधों का प्रतीक है.
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडन को एक विशेष उपहार पेश किया, जो सहस्र पूर्ण चंद्रोदयम उत्सव अनुष्ठान का प्रतीक है. जयपुर के कुशल शिल्पकारों द्वारा हस्तनिर्मित एक स्पेशल सैंडलवुड बॉक्स भी उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को उपहार के रूप में दिया. मैसूर के इस सैंडलवुड पर जटिल रूप से नक्काशीदार वनस्पतियों और जीवों के पैटर्न हैं. इस बॉक्स में गणेश की मूर्ति है, एक ऐसे हिंदू देवता जिन्हें बाधाओं का विनाशक माना जाता है और जिनकी सभी देवताओं में सबसे पहले पूजा की जाती है. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उनके अमेरिकी समकक्ष जेक सुलिवन भी रात्रिभोज में शामिल हुए, जिसमें राष्ट्रपति बाइडन के पसंदीदा व्यंजन पास्ता और आइसक्रीम शामिल रहे.
गेस्ट शेफ नीना कर्टिस ने प्रथम महिला जिल बाइडेन और व्हाइट हाउस के एग्जीक्यूटिव शेफ क्रिस कॉमरफोर्ड, व्हाइट हाउस के एग्जीक्यूटिव पेस्ट्री शेफ सूसी मॉरिसन के साथ मिलकर स्टेट डिनर के लिए मेनू तैयार किया. शेफ नीना कर्टिस सैक्रामेंटो, सीए में स्थित एक क्यूजिन आर्टिस्ट हैं, जिन्हें प्लांट बेस्ड व्यंजनों में उनके असाधारण कौशल और रचनात्मकता के लिए जाना जाता है. शेफ कर्टिस को दो दशकों से अधिक समय तक डायरेक्टर ऑफ कलिनरी और एग्जीक्यूटिव शेफ जैसे महत्वपूर्ण पदों और भूमिकाओं में रहने का अनुभव है.
स्टेट डिनर के फर्स्ट कोर्स में मैरीनेटेड मिलेट और ग्रिल्ड कॉर्न कर्नेल सैलेड, कम्प्रेस्ड वाटरमेलन और टैंगी एवोकैडो सॉस शामिल था. मेन कोर्स में स्टफ्ड पोर्टोबेलो मशरूम और क्रीमी सैफरन-इन्फ्यूज्ड रिसोट्टो शामिल था. इसमें सुमाक-रोस्टेड सी बास, लेमन-डिल योगर्ट सॉस, क्रिस्पी मिलेट केक और समर स्क्वैश भी शामिल था. डेजर्ट में गुलाब और इलायची युक्त स्ट्रॉबेरी शॉर्टकेक शामिल था.