इंजीनियर हनीट्रैप मामला, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर ऐंठे एक लाख रूपये, 3 दबोचे एक फरार

ग्वालियर. एक इंजीनियर को एक युवती ने हनीट्रैप कर एक महीने में ब्लैकमेल कर एक लाख रूपये ऐंठ लिये थे और इसके बाद उसके 3 अन्य साथी दुष्कर्म के मामले में फंसाने और फोटो-वीडियो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल कर रूपयों की मांग करने लगे। ब्लैकमेल से परेशान इंजीनियर ने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने का टॉस्क क्राइम ब्रांच व कम्पू पुलिस को सौंपा गया। पुलिस व क्राइम ब्रांच ने इस गैंग के 3 सदस्यों को दबोच लिया है। जबकि एक महिला मौका पाकर भाग निकली है। पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रहा है कि इंजीनियर के साथ उन्होंने और किस-किस को अपना शिकार बनाया है।
क्या है पूरा मामला
डीडी नगर निवासी घनश्याम कुमार (परिवर्तित नाम ) इंजीनियर है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। बीती पंद्रह मई को उनके मोबाइल पर कॉल आया था। कॉल रिसीव करते ही उनकी बात एक युवती से हुई। युवती ने अपना नाम गुडिया राठौर बताया और इसके बाद वह उनके वाटसएप पर चेटिंग शुरू हुई। पंद्रह दिन बातचीत होने पर युवती ने 31 मई को उन्हें कॉल कर मिलने के लिए दाल बाजार तिराहे पर बुलाया। जब वह वहां पर पहुंचे तो युवती उसे अपने साथ अपने घर पर लेकर गई और कमरे में पहुंचते ही युवती अपने कपड़े उतारने लगी, युवती की हरकत से वह घबराकर उसे रोकने का प्रयास कर रहा था कि तभी एक अन्य औरत आ गई और उसने भी उसके साथ गलत हरकत करना शुरू कर दिया। इसी बीच दो युवक वहां पर आए और उसका वीडियो बनाने लगे। दोनों युवको ने उससे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांंग की। रुपए नहीं देने पर उस पर दुष्कर्म का मामला और वीडियों को उसके घर पर पहुंचाने की धमकी दी। धमकी से घबराए इंजीनियर ने एक लाख रुपए आरोपियों को दिए। इसके बाद भी बात यहां पर नहीं रूकी और आरोपी उससे और रुपयों की मांग कर रहे है।
पूछताछ में अन्य मामलों का हो सकता खुलासा
पुलिस अधिकारियों की माने तो पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ हो रही है कई अन्य घटनाओं के खुलने की संभावना है। जिसके लिये कंपू पुलिस व क्राइम ब्रांच अब पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ में जुट गयी है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गये आरोपियों की पहचान हर्षित सिंह सेंगर, निवासी ललितपुर कॉलोनी, अरविंद गुप्ता निवासी हरिशंकरपुरम और उर्मिला निवासी घासमंडी के रूप में हुई है।