रूस ने यूरोप के लिए रोकी गैस सप्लाई, इन देशों में भीषण ऊर्जा संकट गहराया

मॉस्को. यूक्रेन के साथ 6 महीने से जारी जंग (Russia-Ukraine War) के बीच रूस ने बड़ा कड़ा फैसला लिया है. रूस ने यूरोपीय देशों को गैस की सप्लाई (Russia Halted Gas Supply) रोक दी है. इसके बाद यूरोप के दर्जनों देशों के भीषण ऊर्जा संकट में फंसने की आशंका बढ़ गई है. यूरोपीय गैस ऑपरेटर नेटवर्क ENTSOG ने बुधवार को कहा, ‘नॉर्ड स्ट्रीम पाइपलाइन के माध्यम से यूरोप में गैस की डिलीवरी रोक दी गई है.’ इससे पहले रूसी ऊर्जा दिग्गज गजप्रोम ने कहा था, ‘मेंटेनेंस के काम के लिए तीन दिनों के लिए डिलीवरी बंद रहेगी. जिससे पहले से ही बिजली के बाजार में तनाव बढ़ जाएगा.’

रॉयटर्स और बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी राज्य ऊर्जा दिग्गज गज़प्रोम ने कहा, ‘नॉर्ड स्ट्रीम 1 पर रखरखाव के लिए आउटेज रहेगा. इसका मतलब है कि आज सुबह 2 बजे से शुक्रवार को 2 बजे के बीच जर्मनी समेत कई यूरोपीय देशों में कोई गैस प्रवाहित नहीं होगी. नॉर्ड स्ट्रीम 1 ऑपरेटर की वेबसाइट के डेटा ने 5 बजे से 6 बजे के बीच गैस का जीरो पर प्रवाह दिखाया है. पिछले कई घंटों से पाइपलाइन से गैस की सप्लाई नहीं की जा रही है.’ रूस पहले ही इस पाइपलाइन के ज़रिए केवल 20 फीसदी गैस की सप्लाई ही यूरोप को कर रहा है. रूस ने खराब उपकरणों को इसकी वजह बताया है.