राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 13 जिलों में अलर्ट, माउंट आबू में भारी बारिश
जयपुर. राजस्थान में मानसून फिर से सक्रिय (Monsoon again activated in Rajasthan) हो गया है. मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में सामान्य से भारी बारिश की संभावना जताई है. इस पूर्वानुमान के अनुसार अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, बूंदी, चितौड़, धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़ और सवाईमाधोपुर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश (Heavy rain) के आसार जताये गये हैं. वहीं अजमेर, भरतपुर और जयपुर समेत उदयपुर तथा बीकानेर संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है. जयपुर में तो सुबह-सुबह ही बारिश का दौर शुरू हो गया है.
इससे पहले बुधवार को भी राजस्थान के विभिन्न इलाकों में बादल जमकर बरसे. राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन सिरोही जिले में स्थित माउंट आबू में भी बुधवार को रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई. वहां मंगलवार को आधी रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को सुबह तक चलती रही. इससे वहां 135 मिलीमीटर पानी गिरा. मानसून की इस बारिश में आबू में पर्यटकों ने जमकर मजा लिया.