ग्वालियर से मथुरा जाने वाली ट्रेनों के 2 दिन में 28 लाख के टिकट बिके, ट्रेनों में श्रद्धालुओं का कब्जा

ग्वालियर. स्टेशन पर गिर्राज जी जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। प्लेटफॉर्म व ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। सामान्य डिब्बों में पैर रखने के लिए जगह नहीं थी जिसके चलते श्रद्धालुओं ने आरक्षित डिब्बों में कब्जा कर लिया। ट्रेन में सवार होने के लिए लोग आपातकालीन खिड़कियों से भी घुसे। ट्रैक पर खड़े होकर ट्रेनों का इंतजार किया। दिल्ली की ओर से जाने वाली ट्रेनों में भीड़ देखने को मिली। ग्वालियर स्टेशन से पिछले दो दिनों में मथुरा के 28 लाख रुपये के टिकट बिके हैं।

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को गुरू पूर्णिमा है, गुरू पूर्णिमा पर गोवर्धन की परिक्रमा करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जा रहे है। ट्रेन से मथुरा पहुंच रहे है। इस कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। ताज एक्सप्रेस में बुरी हालत है, इस ट्रेन में जिन यात्रियों के रिजर्वेशन थे, वह डिब्बों में सवार नहीं हो पाए। इस कारण ट्रेन की चैन पुलिंग भी हुई। जब ट्रेन में खड़े होने के लिए जगह नहीं मिली तो लोग टॉयलेट में बैठकर भी सफर करने लगे। इस भीड़ को देखते हुए आरपीएफ ने मोर्चा संभाला। ग्वालियर से मथुरा की ओर जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, दादर अमृतमर एक्सप्रेस व मालवा एक्सप्रेस को श्रद्धालुओं ने अपनों के लिए रोक दिया। जिस पर आरपीएफ ने चेन पुलिंग करने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की है।