मुंबई में शुक्रवार तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, NDRF तैनात, सीएम ने कहा- सतर्क रहें

मुंबईः महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अगले कुछ दिनों तक आसमान से आफत बरसने के आसार हैं. भारतीय मौसम विभाग ने अगले शुक्रवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग में अपने 5 दिन के पूर्वानुमान में बताया है कि मुंबई और ठाणे में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश हो सकती है. हालात को देखते हुए कई जगहों पर एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं. नवनियुक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रशासन को सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए हैं. नदियों के जलस्तर पर नजर रखने को भी कहा गया है.

मुंबई में सोमवार शाम को भी मूसलाधार बारिश हुई. इसकी वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए. TOI के मुताबिक, सुबह 8.30 से शाम 8.30 बजे तक कोलाबा ऑब्जर्वेटरी ने 66.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि सांताक्रूज में 40.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई. नजदीकी ठाणे और नवी मुंबई में भी कुछ समय के लिए भारी बारिश हुई. रात को भी बारिश होती रही. सुबह जब लोग सोकर उठे तो कई इलाके पानी से लबालब नजर आए.

अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के पूर्वानुमान और नदियों की संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को आगाह किया है. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि सीएम ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के कलक्टरों को भी एहतियाती उपाय करने के लिए कहा है. हालात की गंभीरता को देखते हुए कई इलाकों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं. मुंबई के अलावा नागपुर, चिपलून, रत्नागिरी, महाड और रायगढ़ में भी एनडीआरएफ की टीमें लगा दी गई हैं.