जोधपुर हिंसा: इंटरनेट सर्विस हुई बहाल, कर्फ्यू भी अब केवल रात को ही रहेगा
सूर्यनगरी जोधपुर में ईद के मौके पर भड़की हिंसा (Jodhpur Violence) के बाद की गई नेटबंदी को अब फिर से बहाल (Internet service restored) कर दिया गया है. हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक बयान या आदेश तो नहीं आया है लेकिन कई सेवा प्रदाता कंपनियों के नेटवर्क शुरू हो चुके हैं. इससे आमजन को बड़ी राहत महसूस हो रही है. वहीं अब कर्फ्यू भी केवल रात को ही लागू रहेगा. सोमवार से दिन का कर्फ्यू हटा दिया गया है. अब कर्फ्यू में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ढील रहेगी. सभी बाजार खुलेंगे. स्कूल भी खोले जायेंगे. ऐहतियात के तौर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. शहर में पुलिस टीमों की गश्त जारी है.
जोधपुर में ईद के मौके पर 1 मई की रात को हुए झंडा विवाद से भड़की हिंसा के बाद प्रशासन ने तत्काल नेटबंदी के आदेश जारी कर दिये थे. इसके मद्देनजर तत्काल प्रभाव से सभी सेवा प्रदाता कंपनियों ने भी जोधपुर जिले में इंटरनेट सर्विस बंद कर दी थी. उसके बाद लगातार 6 दिन से इंटरनेट सेवाएं बाधित थी. रविवार को दोपहर बाद 4 बजे इंटरनेट शुरू होने से आमजन ने राहत महसूस की है.