ललितपुर थाने में रेप की घटना पर बोले अखिलेश यादव: पुलिस स्टेशन पर बुलडोजर चलेगा या नहीं चलेगा?
यूपी के ललितपुर में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गई नाबालिग रेप पीड़िता को न्याय देने की जगह थाना इंचार्ज द्वारा रेप का शिकार बनाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस मामले में सियासी दबाव बनने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. रेप के आरोपी थानाध्यक्ष को तिलकधारी सरोज को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया. इसके साथ ही ललितपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि क्या अब सरकार थाने पर बुलडोजर चलाएगी.
ललितपुर जिले के पाली थाने में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराने आई 13 साल की किशोरी से थाने में थाना इंचार्ज द्वरा रेप किए जाने की घटना को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि थाने में पुलिस ही न्याय मांगने पहुंच रही बेटियों का रेप कर रही है. सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि मैं यही पूछना चाहता हूं कि क्या पुलिस स्टेशन पर बुलडोजर चलेगा या नहीं चलेगा? क्या थाने अराजकता के सेंटर नहीं बन गए.
अखिलेश यादव ने कहा कि ललितपुर में जिस बेटी के साथ घटना हुई है उसे न्याय मिलना चाहिए. जो अधिकारी इस घटना में शामिल हैं उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. अगर इसमें सही जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में गलत संदेश जाएगा.