पटियालाः हिंसा के बाद सरकार की बड़ी कार्रवाई, IG-SSP के तबादले, शाम तक इंटरनेट बंद
पटियालाः पंजाब के पटियाला में दो गुटों में हिंसा के बाद शनिवार को जिले में शाम तक के लिए एहतियातन मोबाइल इंटरनेट सुविधा सस्पेंड कर दी गई है. हिंसा के विरोध में आज पटियाला बंद के आह्वान को देखते हुए अफवाहों को फैलने से रोकने के इरादे से यह कदम उठाया गया है. इसके अलावा, सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईजी राकेश अग्रवाल, एसएसपी नानक सिंह और एसपी सिटी हरपाल सिंह के तबादले कर दिए हैं. ANI के मुताबिक, सरकार की तरफ से आईजी, एसएसपी और एसपी सिटी के तत्काल प्रभाव से तबादला किए जाने के बाद मुखविंदर सिंह चिन्ना को नया आईजी पटियाला नियुक्त किया गया है. दीपक पारीक नए एसएसपी और वजीर सिंह नए एसपी बनाए गए हैं.
मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी के लिए पंजाब सरकार के गृह विभाग की तरफ से आदेश जारी किया गया है. इसके मुताबिक, पटियाला जिले में सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी. इस दौरान मोबाइल पर 2जी, 3जी, 4जी, सीडीएमए सेवाओं के अलावा सभी एसएमएस सेवाएं और डोंगल सर्विसेज भी शाम 6 बजे तक काम नहीं करेंगी. हालांकि वॉइस कॉल्स पर कोई पाबंदी नहीं होगी. आधिकारिक आदेश में कहा गया कि कानून व्यवस्था से जुड़ी हालिया घटनाओं के संदर्भ में पटियाला जिले की सीमा के अंदर तनाव के मद्देनजर गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने और राष्ट्र-विरोधी व असामाजिक तत्वों के इरादों को नाकाम करते हुए शांति सद्भाव बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है.