ग्वालियर में सडक़ पर फायरिंग, विधायक ने छीने तमंचे तब आई पुलिस


ग्वालियर. एमएलबी कॉलेज में घुसकर छात्र को चाकू मारने की वारदात से शुरू हुआ खून खराबा थमा नहीं है। इसी दुश्मनी पर 24 घंटे बाद बीस सड़क पर गोलियां चल गई। दोनों गुट के लोग बुधवार को पूरी तैयारी से थे। इंदरगंज थाने से करीब 200 मीटर की दूरी पर बेखौफ तमंचों से गोलियां चलाईं जिसके बाद सड़क पर भगदड़ मच गई, जिसे जहां जगह मिली वहां छिपने के लिए भागा। घबरा कर लोगों ने पुलिस को कॉल किए लेकिन वहीं नहीं आई। फिर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार चेंबर ऑफ कॉमर्स में एक उठावनी में शामिल होने आए थे, उन्हें गोलियों के धमाके सुने तो गोलियां चलाने वालों से भिड़ गए। उनके हाथ से तमंचे छीन लिए। विधायक को उनसे भिड़ता देखकर भीड़ भी साथ आ गई और दो बदमाशों को दबोच कर पुलिस को थमा दिया।

दोनों गुट एमएलबी के छात्र
शिवाजी नगर कंपू निवासी अमन तोमर को मंगलवार को एमएलबी कॉलेज में घुसकर हर्ष तोमर, मीत भदौरिया, राहुल राठौर और शिवजीत तोमर ने चाकू मारे थे। दोनों गुट एमएलबी के छात्र हैं। बुधवार को अमन के ममेरे भाई गोलू और शिवजीत के साथी अभिषेक तोमर का एक्जाम था। दोनों को खुटका था अमन पर हमले का रिएक्शन हो सकता है। इसलिए दोनों तैयारी से आए थे। उनके हिमायती कॉलेज के बाहर तमंचों के साथ मौजूद थे।

विधायक कूदे, तब पब्लिक ने घेरा
परीक्षा देकर चेंबर ऑफ कामर्स के पास दोनों आमने सामने आ गए। हावी होने के लिए एक दूसरे पर गोलियां ठोंकी। किस्मत की बात रही भीड़ भरे रास्ते पर गोली किसी को नहीं लगी। विधायक कूदे, तब पब्लिक ने घेरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया थाने से कुछ दूरी पर छात्र गुंडों की तरह गोलियां चला रहे थे। दोनों तरफ से 3-4 फायर हुए। गोलियां खत्म हो गईं तो तमंचों की बट मारीं। उन्हें काबू करने के लिए लोगों ने पुलिस को फोन किए। लेकिन कोई नहीं आया। वह तो विधायक सतीश सिकरवार पहुंच गए। उन्होंने तमंचे छीने, एक युवक को दबोच लिया। दूसरा छूट कर भाग गया। उन्हें देखकर लोगों को भी हिम्मत आ गई तो गुंडई करने वालों को घेर लिया।

गोली की आवाज सुनी तो पहुंचा, तंमचे छिनाए
विधायक सिकरवार ने बताया चेंबर ऑफ कार्मस में उठावनी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। बाहर गोलियां चलीं धमाके सुने, किसी ने आकर बताया बाहर गोलियां चल रही हैं तो बाहर आ गया। पुलिस को फोन किया। दोनों गुट सरेआम तमंचे तान रहे थे। उन्हें रोकना जरूरी था। साथ में गनमैन भी नहीं था। इसलिए खुद जाकर एक युवक को दबोचा। काफी खींचतान के बाद उससे तमंचा छीना। तब भीड मदद के लिए आ गई। उसे घेरकर दबोच लिया। तब तक दूसरा बदमाश बाइक से भाग गया।