दिल्ली में कोरोना रिटर्न्स? अचानक क्यों बढ़ रहा पॉजिटिविटी रेट, यहां समझें असली वजह
दिल्ली में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट अब बढ़ने लगा है और बीते चार दिनों से लगातार 1 फीसदी से ऊपर बना हुआ है. राजधानी में बढ़ती कोरोना की सकारात्मकता दर (पॉजिटिविटी रेट) की असल वजह कम टेस्टिंग मानी जा रही है. पॉजिटिविटी रेट की बढ़ोतरी पर सरकारी अधिकारियों ने कहा कि इसका कारण यह है कि कम कोरोना परीक्षण किए जा रहे हैं और ज्यादातर सिम्प्टोमेटिक (जिनमें लक्षण होते हैं) व्यक्तियों का ही परीक्षण किया जा रहा है. बता दें कि दिल्ली ने गुरुवार को केवल 10,000 से अधिक टेस्टिंग में ही 1.68% की सकारात्मकता दर दर्ज की.
दरअसल, पॉजिटिविटी रेट वह डेटा है, जिससे यह पता चलता है कि किए गए कुल टेस्ट में से कितने पॉजिटिव आ आए. पॉजिटिविटी रेट संक्रमण के फैलाव को भी इंगित करता है. यानी पॉजिटिविटी रेट ज्यादा, इसका मतलब संक्रमण तेजी से फैल रहा है, अगर पॉजिटिविटी रेट कम तो मतलब खतरा कम. इसलिए पॉजिटिविटी रेट का कम होना, अच्छा संकेत माना जाता है, लेकिन अभी दिल्ली का पॉजिटिविटी रेट बढ़ा हुआ है.
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, अस्पताल में किए जा रहे कोरोना टेस्ट की वजह से ही पॉजिटिविटी रेट में वृद्धि हुई है. टेस्ट करवाने के लिए सामान्य लोग कम ही आ रहे हैं. जिन्हें लक्षण हैं, वही अब केवल टेस्ट करवाने आ रहे हैं. यही वजह है कि सप्ताह भर में सकारात्मकता दर में वृद्धि हुई है. यह पिछले चार दिनों में 1% से ऊपर बना हुआ है, जो महीने के पहले दिन दर्ज किए गए 0.57% से अधिक है.