कांग्रेस अपनी हार का पूर्वानुमान लगा चुकी है-शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर चुनाव आयोग पर आरोप लगा रही कांग्रेस पर हमला बोला। बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उसके बाद भी अनर्गल आरोपों की झड़ी लगाई जा रही है। मतदान के दिन से ही कांग्रेस बौखला गई है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस की नजर में प्रशासन, पुलिस और चुनाव आयोग सब बेईमान है। आखिर कांग्रेस किस पर भरोसा करेगी। कांग्रेस, प्रशासन पर दबाव बना रही है। वे लोग जो उम्मीदवार नहीं हैं, वह भी स्ट्रांग रूम में जा रहे हैं। कांग्रेस चुनाव को मजाक बनाने की कोशिश कर रही है।
आचार संहिता के पालन के अतिरेक में चुनाव आयोग ने हम पर कड़ाई की। मेरे साथ भी ऐसा हुआ है कि हम कई जगह जरूरी था, लेकिन जा नहीं पाए। लेकिन मैंने कभी शिकायत नहीं की। चुनाव आयोग को कटघड़े में खड़ा करने से आखिर किसका भला होने वाला है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा और निष्पक्षता पर संदेह कर रही है। कैबिनेट बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि हमने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। चुनाव परिणाम का इंतजार करें, इतने स्वार्थी नहीं है। जो रूटीन के काम हैं, उन्हें करेंगे। खाद सप्लायी, धान, सोयाबीन की खरीदी की समीक्षा की। नई सरकार के आने तक पुरानी सरकार की जिम्मेदारी है। फिर नई सरकार के गठन में भी समय लगता है। जब तक हम जनता को भाग्य के भरोसे नहीं छोड़ सकते हैं।