Owaisi Attacked: जब ओवैसी की पत्नी ने नहीं मानी पति पर गोली चलने की बात, फिर ऐसे पता लगी सच्चाई
दिल्ली से मेरठ यात्रा के दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की गाड़ियों पर गोलियों की खबर आई. इस खबर ने उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में हड़कम्प मच गया, लेकिन खुद ओवैसी की पत्नी ने इस घटना पर विश्वास करने से इनकार कर दिया. घटना के बाद जब AIMIM प्रमुख घर पहुंचे, तो उनकी पत्नी को लगा कि वे कोई बहाना बना रहे हैं. फिलहाल, सरकार ने ओवैसी को ‘Z’ कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैदराबाद सांसद इन दिनों यूपी चुनाव में प्रचार के चलते काफी व्यस्त हैं. उन्होंने अपनी पत्नी को बाहर डिनर पर ले जाने का वादा किया था और इसके लिए खासतौर से उन्हें गुरुवार को दिल्ली में ही रहने के लिए कहा था. जब वे घर पहुंचे और उन्होंने देखा कि पत्नी बाहर जाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, तो ओवैसी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी.
इसपर उन्होंने AIMIM नेता की बात पर भरोसा नहीं किया. उन्हें लगा कि ओवैसी बाहर जाने से बचने के लिए बहाना बना रहे हैं. इसके बाद ओवैसी ने उन्हें टीवी खोलने के लिए कहा, लेकिन इस दौरान बेटी ने मां को फोन कर पिता के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए फोन किया. तब ही उन्हें अहसास हुआ कि ओवैसी सच बोल रहे थे.
लोकसभा में उठाया मुद्दा
शुक्रवार को ओवैसी ने सरकार की तरफ से दी जा रही ‘Z’ कैटेगरी की सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें मौत का डर नहीं है. उन्होंने लोकसभा में कहा, ‘मुझे मौत का डर नहीं है. मुझे ‘Z’ कैटेगरी की सुरक्षा नहीं चाहिए. मैं इससे इनकार करता हूं. मुझे ‘A’ कैटेगरी का नागरिक बना दें. मैं शांत नहीं बैठूंगा. कृप्या न्याय करें… उनपर UAPA लगाएं.’
अमित शाह देंगे घटना पर जवाब
AIMIM नेता के काफिले पर गुरुवार को हुई गोलीबारी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को विस्तार से जवाब देंगे. फिलहाल, इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.