राहुल गांधी करेंगे रैलियों का आगाज, कमलनाथ और सिंधिया का ये है प्रोग्राम
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए जहां बीजेपी ने पूरी तरह से कमर कस ली है. वहीं कांग्रेस के दिग्गज भी मैदान में चुनाव प्रचार की कमान संभालने में जुटने वाले हैं. जहां पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 16 नवंबर से बुंदेलखंड से प्रचार का शंखनाद करेंगे. इनके अलावा दूसरे दिग्गज कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रचार में जुट चुके हैं.
बता दें राहुल गांधी प्रदेश के कई हिस्सों का दौरा अब तक कर चुके हैं, लेकिन बुंदेलखंड क्षेत्र में उनका यह पहला दौरा होगा. जहां वे सागर जिले की देवरी से प्रचार का आगाज करेंगे. वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज से अपना दौरा शुरू कर दिया है और आगामी 14 नवम्बर तक ज्योतिरादित्य सिंधिया भी प्रदेश के अलग अलग इलाकों में प्रचार करेंगे. जबकि कमलनाथ नामांकन वापसी के दिन तक डैमेज कंट्रोल में रहने के बाद चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे. बुंदेलखंड के साथ ही राहुल गांधी महाकौशल के बालाघाट और विंध्य में शहडोल में सभा को संबोधित करेंगे. लेकिन उनके दौरे के कार्यक्रम अभी तक तय नहीं हुआ है
प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 नवम्बर को मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और देवास जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आमसभाओं को संबोधित करेंगे. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 12 नवम्बर को बड़वानी जिले की बनवानी, खरगोन जिले की झिरनिया, धार जिले की गंधवानी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया. इसके अलावा इंदौर की सांवेर विधानसभा में रोड शो के बाद इंदौर-5 विधानसभा क्षेत्र में आमसभा को संबोधित किया.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आगामी 14 और 15 नवम्बर को रायसेन और होशंगाबाद जिलों के दौरे पर रहेंगे और चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे. कमलनाथ 14 नवम्बर को रायसेन जिले की उदयपुरा और सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे. वे दूसरे दिन 15 नवम्बर को होशंगाबाद जिले की होशंगाबाद, सिवनी मालवा और सोहागपुर विधानसभा क्षेत्रों में सघन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.