Agra News: बिजली चोरी को लेकर दो पक्षों में जमकर चलीं गोलियां, छह लोग घायल
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में थाना इरादतनगर के फूलपुर गांव में दो पक्षों के बीच कथित तौर पर ट्रांसफार्मर से बिजली चोरी करने को लेकर हुए विवाद में गोलियां चलाई गईं, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए.
इरादतनगर थाने के पुलिस निरीक्षक अवधेश गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा गोलीबारी करने वालों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं. उन्होंने बताया कि मौजूदा ग्राम प्रधान रणवीर ने गांव के ही व्यक्ति को कथित तौर पर बिजली चोरी करने से मना किया तो पंचायत चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी रहे सत्यवीर और उसके समर्थक वहां पहुंच गए.
गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोलियां चलाईं. उन्होंने बताया कि गोलियां लगने से कम से कम छह लोग घायल हो गए. जिन्हें ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.