PM मोदी की सुरक्षा में चूक पर BJP MP साक्षी महाराज बोले- पंजाब सरकार और खालिस्तानियों की साजिश!
उन्नाव. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की सुरक्षा में चूक पर उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज (Sakshi Maharaj) ने पंजाब सरकार पर हमला बोला है. साक्षी महाराज ने इस घटना को पंजाब सरकार और खालिस्तानियों की मिलीभगत बताया है. उन्होंने कहा कि अगर कोई भी घटना घटित होती तो सारा देश आग के हवाले होता, आप समझ सकते है कि सारे देश की स्थिति क्या होती. बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि मैं भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह से निवेदन करना चाहता हूं, ये पंजाब सरकार की चूक है या फिर खालिस्तानियों की साजिश, इसकी गहनता से जांच होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो दोषी हो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.
इससे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पंजाब सरकार को इस बात के लिए माफी मांगनी चाहिए. सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ जो खिलवाड़ पंजाब सरकार के संरक्षण में हुआ है वह पंजाब में व्याप्त अराजकता और दुर्व्यवस्था का एक जीता जागता उदाहरण है. दरअसल प्रधानमंत्री को फिरोजपुर के रास्ते में शहीद स्मारक जाते वक्त प्यारे आना गांव में 20 मिनट तक इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ा.
हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक से लगभग 30 किलोमीटर दूर, जब पीएम का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो पाया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया था. इस दौरान पीएम 20 मिनट फ्लाईओवर पर फंसे रहे. यह पीएम की सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी. इस पूरे मामले में गृह मंत्रालय ने इसे पीएम मोदी की सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. बता दें कि फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 42,750 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास के लिए पहुंचना था.