ग्वालियर के सटोरिए सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मदद से दिल्ली, मुंबई व दुबई में बैठकर सट्टा खिला रहे, हर माह 10 से 12 करोड़ का कारोबार
सट्टेबाजों पर कड़ी कार्रवाई न होने का फायदा उठाकर कोरोनाकाल में शहर के क्रिकेट सटोरिए भी आत्मनिर्भर बन रहे है। शहर के आधा दर्जन सटोरियों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की सेवा लेकर ऑनलाइन सट्टे की खुद की लिंक लाइनें बनाकर दिल्ली, मुंबई व दुबई में बैठकर सट्टा खिलाना शुरू कर दिया है। सटोरियों ने दुबई व ब्रिटेन के सिम नंबर पर अपनी खुद की लाइनें बनाई है। सट्टे की रकम का हिसाब भी स्थानीय सरगना स्वयं कर रहे है जबकि पहले दुबई, मुंबई व दिल्ली के सटोरियों से लिंक लाइन लेकर शहर के सटोरिए सट्टा लगवाते थे और हिसाब भी होता था। शहर में क्रिकेट सट्टे का कारोबार बढ़ने पर लोकल सटोरियों ने अपनी सट्टे की लिंक लाइनें इंदौर, भोपाल के भी छोटे सटोरियों को कमीशन पर दी है।
आईपीएल में सटोरियों का कारोबार 100 करोड़ पहुंचा
इस धंधे से जुड़े लोगों के अनुसार शहर में आईपीएल में सटोरियों का कारोबार चरम पर 100 करोड़ के लगभग पहुंच जाता है। जबकि आमदिनों में एक माह में 10-12 करोड़ रुपए का कारोबार कर रहे हैं। विश्व में कहीं भी किसी भी टीम के बीच अंतरराष्ट्रीय मैच हो पर ग्वालियर में सट्टा लगना तय है। शहर के सटोरिए ग्वालियर के साथ ही प्रदेश और देश में भी क्रिकेट सट्टा लिखा रहे हैं।
सट्टे का कारोबार ऑनलाइन, इसलिए बच जाते है सटोरिए
क्रिकेट सट्टे में सैकड़ों परिवार बर्बाद हो गए और कई युवा कारोबारियों ने खुदकुशी कर ली लेकिन क्रिकेट सट्टा अपराध का कॉलम ही नहीं है। इसका कारण यह है कि क्रिकेट का सट्टा ऑनलाइन संचालित होता है। पूर्व में इससे टीवी पर क्रिकेट मैच देखकर सट्टा लगाया जाता था लेकिन अब मोबाइल पर ही लिंग लाइन लेकर ऑनलाइन सट्टा खेला जाता है। यदि क्रिकेट सट्टे की पड़ताल की जाती है तब उसमें सटोरिए व उसके नजदीकियों के कई बैंक खातों की पड़ताल करना पड़ती है। पकड़े जाने पर सटोरिए अपना पूरा हिसाब-किताब व लिंक को डिलीट कर देते हैं, इसे भी रिकवर करना जरूरी होता है। इन सब तकनीकी खामियों के कारण सटोरिए पुलिस पर भारी पड़ते हैं और फिर सामान्य सट्टे का मामला दर्ज कर लिया जाता है। इसी का वे फायदा उठाते हैं।
पड़ताल के लिए लगाई है साइबर की टीम- अमित सांघी, पुलिस अधीक्षक
हुंडी दलाल से ठगी के मामले में बड़े क्रिकेट सटोरियों की गैंग का खुलासा हुआ है। इनके नेटवर्क में कई महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी मिली है अब साइबर टीम को लगाया गया है।