सनसनीखेज हत्याकाण्ड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर फरियादी रामेश्वर दयाल शर्मा ने 1 दिसम्बर को थाना मुरार आकर रिपोर्ट की थी कि उसके छोटे भाई गणेश की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चाकुओं से वार कर हत्या कर दी गई है, जो कि सिंहपुर रोड स्थित देशी कलारी के पास हॉकर जोन में ढेले पर मृत पड़ा हुआ है। एएसपी (शहर पूर्व) राजेश डण्डोतिया को पुलिस की टीम बनाकर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया था। हॉकर जोन में हुई हत्या के बाद से ही एक संदिग्ध व्यक्ति अपने घर से गायब है और घटना दिनांक को उसे मृतक के साथ देखा भी गया था। घटना के बाद से ही संदिग्ध व्यक्ति इन्दौर होते हुए पूणे चला गया है।

सीएसपी मुरार ऋषिकेश मीना ने थाना प्रभारी मुरार शैलेन्द्र भार्गव टीम के साथ उक्त अंधेकत्ल का पर्दाफाश करने हेतु टीम को लगाया गया। पुलिस टीम को विवेचना के दौरान आये मुखबिर की सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उक्त हत्याकाण्ड के आरोपी के संबंध में ज्ञात हो सका कि वह वर्तमान में पूणे में रह रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम को पूणे भेजा गया, पूणे जाकर टीम को पता चला कि उक्त हत्याकाण्ड का आरोपी इन्दौर चला गया है तब पुलिस टीम द्वारा इन्दौर पहुंचकर बताये गये पते से उक्त हत्याकाण्ड के आरोपी को अपनी हिरासत मेें ले लिया गया और उससे हत्याकाण्ड के संबंध में पूछताछ की तो उसके द्वारा मृतक गणेश शर्मा की हॉकर जोन में हत्या करना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी ने बताया कि वह घटना दिनांक को मृतक गणेश के साथ हॉकर जोन में शराब पी रहा था, शराब पीने के बाद मृतक गणेश ने उसे गंदी-गंदी गालियां देने शुरू कर दिया, मना करने पर भी नहीं माना तो उसके द्वारा मृतक गणेश की चाकुओं से वार कर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर गया और चाकू घर में छिपा कर, कपड़े बदलकर इन्दौर चला गया था उसके बाद इन्दौर से पूणे भाग गया। आरोपी की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है।

ज्ञात हो कि 1 दिसम्बर को फरियादी रामेश्वर दयाल शर्मा ने थाना मुरार में रिपोर्ट की थी कि उसका छोटा भाई गणेश शर्मा लाईट का काम करता है तथा उसके घर के पास ही रहता है। मेरा भाई गणेश शराब पीने का आदी है। 1 दिसम्बर को मेरे घर के पास रहने वाले बंटी नाई ने मुझे बताया था कि तुम्हारा भाई गणेश सिंहपुर रोड स्थित हॉकर जोन में ढेले पर मृत पड़ा हुआ है। उसे बाद मेरे द्वारा मौके पर जाकर देखा गया तो उसके शरीर से जगह-जगह खून निकल रहा था, किसी ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी है। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना मुरार में हत्या का प्रकरण पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया।