5 साल के मासूम से निभाई दुश्मनी, ऑटो से ले गए लाश, आरोपी महिला बोली- घर के सामने खेलता था, इसलिए मार दिया
भोपाल. राजधानी भोपाल में घर के सामने खेल रहे मासूम का पड़ोसी महिला ने कत्ल कर दिया. महिला ने तार से उसका गला घोंट दिया. उसके बाद भाई की मदद से मासूम की लाश को बोरी में छुपा दिया. सीसीटीवी फुटेज में उनकी पोल खुल गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. घटना बुधवार दोपहर की जहांगीराबाद थाना इलाके की है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के घर के सामने 5 साल का मासूम खेलता था. इसी को लेकर उसका बच्चे के परिवार से रोज विवाद होता था. पुलिस की जांच में सामने आया कि यही विवाद मासूम के कत्ल की वजह बनी. महिला ने अपने भाई के साथ मिलकर बच्चे की हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि जेल रोड स्थित जदा कॉलोनी में रहने वाले जावेद खान टेलर हैं. उनका 5 साल का बेटा फरदीन सन टॉप स्कूल में फर्स्ट क्लास में पढ़ता था. बुधवार दोपहर वह घर के सामने खेल रहा था. मां शाहिदा-बी घर के अंदर थीं. इसी बीच शाहिदा बच्चे को बाहर देखने आईं. उन्हें बच्चा नहीं दिखा. आसपास तलाशा, लेकिन फरदीन का सुराग नहीं लगा. जब बच्चा कहीं नहीं मिला तो वह चार बजे पति जावेद के साथ जहांगीराबाद थाने पहुंची.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
परिवार ने अपने बच्चे के लापता होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई तो पुलिस ने छानबीन शुरू की. हत्याकांड के खुलासे में पुलिस को बड़ी लीड मोहल्ले के एक बच्चे और सीसीटीवी से मिली. बच्चे ने पुलिस को बताया कि फरदीन को बोरी में भरकर ऑटो से ले जाया गया है. पुलिस को फरदीन के घर के सामने रहने वाली समरीन पर शक हुआ. पुलिस ने उसे फोनकर बुलाया. इस पर वह टालमटोल करने लगी. पुलिस तुरंत समरीन के मायके छोला पहुंची. जहां, फरदीन की लाश उसके घर में बोरी में मिली. समरीन ने पुलिस की पूछताछ में गुनाह कबूल कर लिया है. उसने बताया कि तार से उसका गला घोंटकर हत्या की. शव को ठिकाने लगाने में उसका भाई फरजान ने मदद की थी. इस मामले में पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.