नोएडा के EO केके भड़ाना पर हुआ जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
नोएडा. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर 11 में शहर के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (EO) केके भड़ाना पर जानलेवा हमला हुआ है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कृष्ण कुमार भड़ाना यहां सेक्टर 11 की एक पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उनपर यह हमला हुआ. इस हमले में भड़ाना को काफी चोटें आई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
ईओ केके भड़ाना बुलंदशहर के गुलावठी जनपद में तैनात हैं. उन्होंने गाजियाबाद के खोड़ा नगरपालिका की चेयरमैन के देवर और उनके साथियों पर इस हमले का आरोप लगाया है. भड़ाना का आरोप है कि वह अकेले थे और दूसरे पक्ष के लोग चेयरमैन समेत हथियारों के साथ दो दर्जन थे.
भड़ाना ने कहा कि चेयरमैन के देवर योगेश भाटी खोड़ा से हिस्ट्रीशीटर है और अनिल समेत अन्य लोग भी गाज़ियाबाद के हिस्ट्रीशीटर हैं. वहीं भड़ाना की पत्नी चित्रा सिंह ने सुरक्षा की गुहार लगाई है. उधर चेयरमैन रीना भाटी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है.
इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद लोग व वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.