प्रॉपर्टी डीलर पप्पू की 8 माह पूर्व जेल में बंद बदमाश से हुई थी हत्या की डील

ग्वालियर. प्रॉपर्टी डीलर पप्पू राय की हत्या के मामले में पुलिस ने सुपारी लेने वाले घोंटा उर्फ मुकेश यादव के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया, फरार हुए शूटरों की तलाश में पुलिस के चार दल दिल्ली, मुुंबई, गुजरात सहित आसपास के क्षेत्र में दबिश दे रहे हैं। पुलिस ने हत्या की डील होने के साक्ष्य एकत्र करने के लिए कांग्रेस नेता के मूर्ति हाउस की तलाशी ली जिसमें वहां पर लोगों के रूकने के साक्ष्य मिले। पड़ताल में यह भी बात सामने आई है कि पप्पू की हत्या की डील लगभग 8 माह पूर्व हत्या के मामले में जेल में बंद हजीरा के बदमाश से हुई थी। सुपारी की एडवांस रकम को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

घोंटा का साथी दिग्गी गिरफ्तार

पप्पू की हत्या के मामले में पुलिस ने घोंटा उर्फ मुकेश यादव के साथी दिग्गी उर्फ दिग्विजय सिंह जादौन को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार दिग्गी, घोंटा के सरमथुरा रवाना होने के बाद शूटरों की रवानगी की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले भी हत्या की डील व रैकी में दिग्गी पूरे समय साथ रहा था। हत्याकांड के खुलासे के बाद एएसपी राजेश दंडोतिया व थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने मूर्ति पहाड़ी स्थित बृजेश, पंकज राय के फार्म हाउस पर दबिश देकर तलाशी ली, जिसमें वहां चूल्हा, बर्तन आदि मिले।

लेनदेन पर विवाद के कारण सुपारी घोंटा ने ली

पुलिस के अनुसार इस फार्म हाउस पर बदमाशों को रखा जाता था। घोंटा, आकाश, दिग्गी, पीयूष व लालू सहित इनके अन्य साथियों को फार्म हाउस पर पनाह दी जाती थी। इन बदमाशों के जेल जाने पर उनकी जमानत व कोर्ट में वकील की व्यवस्था के साथ ही घर पर खर्चे आदि की व्यवस्था भी बृजेश व पंकज राय द्वारा विगत तीन वर्ष से की जा रही थी।
बताया गया है कि लगभग 8 माह पूर्व हजीरा के एक बदमाश से पप्पू की हत्या की डील हुई थी। डील की रकम 20 लाख से भी ज्यादा थी लेकिन यह बदमाश जेल से बाहर नहीं आ सका और फिर खर्चा बढ़ जाने पर रुपए के लेनदेन पर विवाद हो गया इसके बाद सुपारी घोंटा ने ली और दिग्गी उर्फ दिग्विजय सिंह को सरमथुरा से बुलाया। दिग्गी सरमथुरा का रहने वाला है और ग्वालियर की युवती से प्रेमविवाह करने के बाद यहां भी रहने लगर है। दिग्गी, घोंटा व आकाश के अपराधों में साथ रहा है।