UP: बाहुबली MLA मुख्तार अंसारी के साम्राज्य पर लगा ब्रेक, अब तक 370 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

वाराणसी. बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी (MLA Mukhtar Ansari) और उसके गिरोह के खिलाफ यूपी पुलिस (UP Police) का अभियान जारी है. पूर्वांचल के अलग- अलग जिलों से लेकर राजधानी लखनऊ तक मुख्तार और उसके सहयोगियों की संपत्ति या तो जब्त की जा रही है या फिर उनको जमींदोज किया जा रहा है. इसी कड़ी में आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में बड़ी कार्रवाई हुई है. दो दिनों में मऊ में जहां हेराफेरी कर सरकारी जमीन से बेदखली की कार्रवाई हुई है. पुलिस के मुताबिक, हेराफेरी की बात सामने आने पर मुकदमा दर्ज कर एक ओर विवेचना चल रही थी तो दूसरी ओर तहसीलदार कोर्ट में बेदखली की अपील की गई. प्रशासन के आदेश पर करीब 4.26 करोड़ रुपये की इस जमीन पर बेदखली की कार्रवाई की गई. वहीं गाजीपुर में बने करीब 1.9 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की जमीन को कुर्क किया गया.

आजमगढ़ में मुख्तार गैंग की तीन करोड़ के भूखंड को सीज किया गया. वाराणसी जोन के एडीजी बृजभूषण शर्मा ने बताया कि अब तक मुख्तार अंसारी गिरोह को 370 करोड़ रुपये की आर्थिक चोट दी गई है. जिसमे 96 करोड़ रुपये की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट में सीज की गई है तो वहीं 152 करोड़ रुपये की संपत्ति को जमींदोज किया गया है. यही नहीं अलग अलग धंधों से आने वाली 122 करोड़ रुपये की आमदनी को बंद कराया गया है. जबकि गैंग के 221 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. एडीजी बृजभूषण शर्मा के मुताबिक 156 पर गैंगस्टर लगाया गया है. 38 जिलाबदर किए गए हैं. 61 की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए छह पर रासुका लगाई गई है.

दो बदमाश यूपी पुलिस से मुठभेढ़ में मारे गए हैं. आठ ग्रुप को गैंग के सहयोगी के रूप में रजिस्टर्ड किया गया है. इसके अलावा ए क्लास के 11 ठेकेदारों को चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त कराया गया है. अब ये किसी भी ठेके को नहीं ले सकते. वाराणसी जोन के दस जिलों की पुलिस पिछले ढाई साल से लगातार कार्रवाई कर रही है. वहीं अवैध वसूली और ठेकों से अर्जित कमाई पर ब्रेक लगा दिया गया.