20 लाख रुपये-कार लेकर ATM हैकर्स को छोड़ने का आरोपी SOG इंस्पेक्टर बर्खास्त, ऐसे मिले सुबूत
नोएडा. गाजियाबाद (Ghaziabad) में पकड़े गए एटीएम हैकर्स के खुलासे से नोएडा पुलिस (Noida Police) में हड़कंप मच गया है. तीन महीने पहले इसी हैकर्स गैंग को 20 लाख रुपये और एक कार लेकर छोड़ने के आरोप नोएडा की एक पुलिस टीम पर लगे हैं. जिसके बाद कड़ी कार्रवाई करते हुए गौतम बुद्ध नगर (Gautam Budh Nagar) के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने टीम के इंस्पेक्टर और दूसरे सदस्यों को बर्खास्त कर दिया है. एक सीसीटीवी (CCTV) सुबूत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. हैकर्स की निशानदेही पर ही जांच के दौरान पुलिस को यह सुबूत मिले थे. जांच के आदेश डीजीपी, यूपी (DGP UP) ने दिए थे. अगस्त में ही इंस्पेक्टर को उसकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया था.
गाजियाबाद पुलिस ने ऐसे जुटाए 3 महीने पुराने सुबूत
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने हाल ही में एटीएम हैकर्स गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था. हैकर्स से पूछताछ के दौरान एक क्रेटा कार का मामला सामने आया. जब पुलिस ने हैकर्स से कार के बारे में और ज्यादा पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि क्रेटा कार तो नोएडा पुलिस ले गई थी. नोएडा पुलिस के पास कार क्यों है इस पर हैकर्स ने बताया कि तीन महीने पहले वो नोएडा में पकड़े गए थे.
तब नोएडा पुलिस की एक टीम ने उन्हें 20 लाख रुपये और क्रेटा कार लेकर छोड़ा था. हालांकि सौदा सिर्फ 20 लाख रुपये में हुआ था, लेकिन जब वो पुलिस को रुपये देने के लिए अपने ठिकाने पर लेकर आए तो वहां क्रेटा कार खड़ी थी.
जिस पर पुलिस ने कहा कि यह भी तुमने चोरी के पैसों से खरीदी है और इतना कहकर कार को अपने साथ ले गई. कार एक दम नई थी. उस पर नंबर भी नहीं थे. यह पता चलते ही गाजियाबाद पुलिस ने हैकर्स के ठिकाने के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले तो एक फुटेज नोएडा पुलिस की मिल गई. जिसके बाद रिपोर्ट बनाकर डीजीपी, यूपी को भेज दी गई. मामले की जांच के भी आदेश दे दिए गए.