नाबालिग युवक अपनी शादी करने मुरैना आया था, रेलवे ट्रेक के पास शव मिला, अब ग्वालियर व मुरैना पुलिस के बीच केस फंसा
ग्वालियर. एक युवक जो जयपुर से मुरैना अपनी शादी का ख्वाब लेकर आए नाबालिग सोनू शर्मा की हत्या का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। दूसरे दिन उसकी लाश सिकरौदा रेलवे ट्रैक के पास पड़ी मिली थी। घायल अवस्था में नाबालिग को ग्वालियर ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई। अब उसकी हत्या का मामला ग्वालियर व मुरैना पुलिस के बीच फंास हुआ है। बता दें, कि नाबालिग युवक सोनू शर्मा पुत्र स्व. बादशाह शर्मा, उम्र 16 वर्ष, निवासी हड़मासी, थाना बागचीनी जयपुर में काम करता था। वह वहां किसी संस्था में कम्प्यूटर ऑपरेटर था। उसके ताऊ के लड़के की सिकरौदा में ससुराल थी। बताया जाता है कि युवक का किसी लड़की से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चलता था। यह प्रेम प्रसंग सिकरौदा में ही चलता था। वह उस लड़की से शादी करना चाहता था लेकिन लड़की के घर वाले उसके लिए तैयार नहीं थे। बताया जाता है कि बाद में वह तैयार हो गए जिस पर वह उससे शादी करने के लिए मुरैना आया हुआ था। मुरैना आने के दूसरे दिन 14 नवंबर को वह घायल अवस्था में सिकरौदा रेलवे स्टेशन के ट्रेक पर पड़ा मिला था। घायल अवस्था में ही उसके परिजन उसे लेकर ग्वालियर गए जहां जयारोग्य चिकित्सालय में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद घरवाले उसे मुरैना उसके पैत्रिक गांव हड़मासी ले गए तथा वहीं पर अंतिम संस्कार कर दिया था।
डेढ़ सैकड़ा लोगों ने सिविल लाइन थाने का घेराव किया
इस घटना के बाद किसी दवाब में परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट नहीं लिखाई। बाद में लड़के के भाई भानुप्रताप शर्मा सहित लगभग डेढ़ सैकड़ा लोगों ने सिविल लाइन थाने का घेराव किया तब थाना प्रभारी विनय यादव ने कहा कि वे लिखित में आवेदन दें, उसके बाद रिपोर्ट लिखी जाएगी तथा आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के परिजनों ने पुलिस को आवेदन दिया था लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्वालियर व मुरैना पुलिस में पेंच फंसा
ग्वालियर व मुरैना जिले की पुलिस में यह पेंच फंसा है कि नाबालिग के साथ हादसा मुरैना में घटित हुआ था तथा मौत ग्वालियर में हुई थी। लिहाजा मामला यहां कायम होगा लेकिन कम्पू थाना ग्वालियर में उसकी मौत का मर्ग कायम किया गया है। इसलिए मुरैना पुलिस उस मर्ग के आने की बात कह रही है। फिलहाल यह मामला लटक गया बताया जा रहा है।
जब मर्ग आ जाएगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे
ग्वालियर में उसकी मृत्यु हुई है इसलिए वहीं मर्ग कायम किया गया है। जब मर्ग आ जाएगा, उसके बाद ही हम इस मामले में आगे की कार्रवाई करेंगे।