प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली में लग सकता है लॉकडाउन
नई दिल्ली. दिल्ली और इससे सटे एनसीआर के इलाकों में प्रदूषण रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सर्वोच्च अदालत ने केंद्र और दिल्ली सरकार से पूछा है कि आखिर राजधानी में ऐसे हालात क्यों बने। अकेले किसानों को दोषी ठहराना सही नहीं है। एक गरीब किसान महंगी मशीन कैसे खरीदेगा। जजों ने माना कि दिल्ली की हवा सांस लेने योग्य नहीं है। उन्हें भी मास्क लगाना पड़ रहा है। सर्वोच्च अदालत ने कहा कि एक्यूआईको 500 से नीचे लाने के लिए क्या किया जा सकता है। सरकार लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगाने पर विचार कर सकती है। अगली सुनवाई सोमवार को होगी।
इससे पहले शनिवार सुबह एक्यूआई 560 के स्तर पर पहुंच गया। आशंका जताई जा रही है कि अगले 2-3 दिनों में यह 600 के स्तर को पार कर जाएगा। यानी दिल्ली और एनसीआर की हवा सांस लेने योग्य नहीं रहेगी। यही कारण है कि अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच, दिल्ली में हर साल के प्रदूषण के मुद्दे पर शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। पिछले साल एक बालक ने यह याचिका दायर की थी।