नवाब मलिक के खिलाफ अब पुलिस के पास पहुंचे ज्ञानदेव वानखेड़े, SC/ST एक्ट में दर्ज कराई शिकायत
मुंबई. नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारी समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े (Dhyandev Wankhede) ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज शिकायत में उन्होंने परिवार की जाति को लेकर झूठे आरोप लगाने की बात कही है. इससे पहले भी ज्ञानदेव मंत्री मलिक के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर कर चुके हैं.
खबर है कि मुंबई के ओशिवारा डिविजन के सहायक पुलिस आयुक्त के पास दर्ज शिकायत में ज्ञानदेव ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता मलिक पर कई आरोप लगाए हैं. इनमें परिवार और उनकी जाति के खिलाफ झूठे, अपमानजनक टिप्पणियां शामिल हैं. इंडिया टुडे के अनुसार, उन्होंने साफ कर दिया है कि वे महार समुदाय से हैं, जो अनुसूचित जाति में आती है. साथ ही ज्ञानदेव यह भी बता चुके हैं कि इस बात को साबित करने के लिए उनके पास सरकार की तरफ से मिला प्रमाण पत्र है.
रिपोर्ट के अनुसार, एनसीबी अधिकारी के पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाए हैं कि मलिक ने अपने दामाद समीर खान के खिलाफ हुई कार्रवाई का बदला लेने के लिए ‘अपमानजनक’ बयान दिए हैं. इसके अलावा ज्ञानदेव ने आरोप लगाए हैं कि मलिक उनकी बेटी यास्मीन पर ऑनलाइन स्टॉक कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाए कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चलाने के लिए ‘उसकी निजी तस्वीरें उसके सोशल मीडिया खातों से गैरकानूनी तरीके से ली जा रही हैं.’
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके अलावा उन्होंने मलिक पर जाति आधारित अपमान और धमिकियां देने के भी आरोप लगाए हैं. राकंपा नेता और एनसीबी अधिकारी वानखेड़े के बीच तकरार लंबे समय से चली आ रही है. मलिक ने आरोप लगाए हैं कि वानखेड़े ने सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया है.
पहले लगा चुके है मानहानि का मुकदमा
ज्ञानदेव वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर मलिक के खिलाफ 1.25 करोड़ रुपयों की मानहानि का केस लगाया है. उन्होंने अर्जी में कहा है कि मलिक के आरोपों से उनके चरित्र और प्रतिष्ठा को चोट पहुंची है. बुधवार को ही एनसीबी अधिकारी की बहन यास्मीन वानखेड़े ने भी मलिक पर सियासी बदला लेने के आरोप लगाए थे. उन्होंने यह भी कहा था कि नवाब मलिक मेरे परिवार को बदनाम करने की कोशिश में मेरे सोशल मीडिया हैंडल्स पर स्टॉक करने औऱ गैरकानूनी तरीके से फोटो हासिल करने की हद तक बढ़ गए हैं.