ग्वालियर बायपास पर रेत कारोबारी को ट्रक रौंदता निकल गया, षड्यंत्र का शक
ग्वालियर. सड़क किनारे खड़े रेत कारोबारी को तेज रफ्तार ट्रक रौंदता हुआ निकल गया। घटना के बाद घायल को गंभीर हालत में ग्वालियर जयारोग्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत बेहद नाजुक है। पिछोर बायपास पर सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बता दें कि कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक के करीबी प्रमोदी पाठक का भाई है। घटना के समय वह ओरछा से लौट रहे विधायक और अपने भाई का इंतजार कर रहा था। घटना धनतेरस की रात पिछोर बायपास पर हुई है। जिस तरह से ट्रक उसे रौंदता हुआ निकला है, यह हादसा कम साजिश नजर आ रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। परिजन ने भी पुलिस से साजिश बताया है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर डबरा देहात के रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले 33 वर्षीय किशन उर्फ टिंकू पाठक रेत का काम करते हैं। टिंकू धनतेरस की रात करीब 8 बजे बाइक लेकर अपने भाई के इंतजार में पिछोर बायपास पर सड़क किनारे खड़े थे। उनके भाई और विधायक ओरछा में एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर के लिए आ रहे थे। घटना से कुछ देर पर टिंकू ने उनसे बात भी की थी। तो पता लगा कि वह रास्ते में हैं और 15 मिनट में उसके पास से गुजरेंगे। अभी वह मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी बीच सड़क किनारे खड़े टिंकू को पीछे से आए एक ट्रक ने टक्कर मारी और रौंदता हुआ निकल गया। घटना के बाद पुलिस ने जब छानबीन की तो हादसे के स्पॉट पर पीछे लगे एक CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दिख रहा है कि टिंकू ने हाइवे के किनारे अपनी बाइक खड़ी की और मोबाइल पर बात करने लगा। जब वह बात कर रहा था तो पीछे से तेज रफ्तार में ट्रक आया और उसे रौंदते हुए निकल गया। घटना जहां हुई है वह हाइवे का बिल्कुल आखिरी का किनारा था। फुटेज में ट्रक बहकता या लहराता नहीं दिख रहा है। उसे टक्कर मारने के बाद वह सीधा रफ्तार में निकल गया।