ग्वालियर में कोरोना केस मिलने से बड़ी प्रशासन की चिंता
ग्वालियर. कोरोना के केस दोबारा सामने आने के बाद अब प्रशासन ने चिंता जताई है। इसको लेकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों से कहा कि कोरोना को लेकर इंतजामों का रिव्यू करें। स्वास्थ्य विभाग के अफसर हर अस्पतालों में वार्ड, पलंग, आक्सीजन और दवाओं को लेकर सतर्क रहें। मौजूदा उपलब्धता की रिपोर्ट दें। वहीं शहर के बड़े अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को लेकर क्या स्थिति है, इसका पता करें। अगर कोरोना के मरीज बढ़े तो क्या प्लानिंग रहेगी।
सभी इंसीडेंट कमांडर अपनी टीमों को सक्रिय करें
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि देश के कई राज्यों और प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इस बात को ध्यान में रखकर ग्वालियर जिले में भी सभी एहतियाती उपाय करें। उन्होंने कहा सभी इंसीडेंट कमांडर अपनी टीमों को सक्रिय करें साथ ही कोरोना गाइडलाइन का भी पालन कराएं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था सहित सभी सरकारी अस्पतालों व नर्सिंग कॉलेजों में कोरोना के इलाज के लिये पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें साथ ही कोरोना के लिये स्थापित कंट्रोल एवं कमांड सेंटर को भी फिर से सक्रिय करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पुख्ता प्लान के तहत घर-घर जाकर लोगों को कोरोना के टीके लगाए जाएं।