जम्मू कश्मीर में टेरर फंडिंग मामले में एनआईए की तीन जिलों में छापेमारी, निशाने पर जमात-ए-इस्लामी

जम्मू-कश्मीर. एनआईए की छापेमारी लगातार जारी है, टेरर फंडिंग मामले को लेकर एक बार फिर बुधवार को एनआईए ने तीन जिलों में छापेमारी की है। एनआईए के निशाने पर जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) समूह है। इस समूह पर आतंकियों को फंडिंग का आरोप है। यही वजह है कि इस समूह के खिलाफ एनआईए लगातार जांच कर रही है।

एनआईए ने सुबह 6 बजे से जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ तलाशी अभियान चलाया। ये छापेमारी 8 और 9 अगस्त को श्रीनगर, बडगाम, गांदरबल, बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा, कुलगाम, रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और आतंकवाद विरोधी एजेंसी के 61 छापे के क्रम में जारी है।

एनआईए के अधिकारियों ने जिन जेईआई संदिग्धों से पूछताछ की, वे गांदरबल, श्रीनगर, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, राजौरी और डोडा जिलों के थे। अधिकारियों ने कहा, ‘हम जेईआई मामले से जुड़े कुछ और लोगों की तलाश कर रहे हैं और उन्हें बहुत जल्द तलब किया जाएगा। एनआईए ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया। घाटी में आम नागरिकों की हत्या के सिलसिले में एनआईए लगातार कार्रवाई कर रही है। जिन लोगों या संदिग्धों के ठिकानों पर छापे पड़े हैं, उन पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आतंकियों की मदद करने का आरोप है।