ग्वालियर मास्टर प्लान 2035, ट्रांसपोर्ट नगर, पिपरौली, नीम चंदोहा व लक्ष्मणगढ़ में बनेगा लॉजिस्टिक पार्क, जमीन प्रस्तावित, एक कंटेनर डिपो बनेगा
ग्वालियर. खाद्य एवं दूसरे सामान को लंबे समय तक सुरक्षित तरीके से स्टोरेज करने और स्थानीय बाजार में सरलता से उपलब्ध कराने के लिए ग्वालियर में 4 लॉजिस्टिक पार्क बनाने की तैयारी चल रही है। मास्टर प्लान-2035 में इनके लिए प्रावधान किया गया है। इन पार्क के लिए ट्रांसपोर्ट नगर, पिपरौली, नीम चंदोहा और लक्ष्मणगढ़ में जमीन प्रस्तावित की गई है। ताकि इंदौर-शिवपुरी बॉर्डर, इटावा-कानपुर रोड, आगरा रोड जैसे महत्वपूर्ण रूटों को कवर किया जा सके। ये लॉजिस्टिक पार्क बनने से व्यापार को ट्रांसपोर्टेशन खर्च व सामान में होने वाली बढ़ोत्तरी से राहत मिलेगी। क्योंकि, इन पार्कों में व्यवस्थाओं के साथ लंबे समय तक खाद्य एवं अन्य प्रकार के सामान को स्टोर करके रखा जा सकता है।
सुविधाओं के साथ बढ़ेगा स्टोरेज
लॉजिस्टिक पार्क में कोल्ड स्टोरेज से बेहतर व्यवस्थाएं होती हैं। इनका उपयोग खाद्य सामग्री को स्टोर करने के लिए होता है। बाकी, अब दूसरे सामान भी यहीं स्टोर की जाने लगी हैं। देश-विदेश से मंगाए जाने वाले सामान को इनमें लंबे समय तक स्टोर किया जा सकेगा फिर इनकी सप्लाई स्थानीय बाजारों में आसानी से होगी। सामान एवं परिवहन भाड़े के खर्च में भी व्यापारी को राहत मिलती है।
रायरू पर बढ़ेगा डिपो स्टोरेज
मास्टर प्लान में रायरू स्टेशन पर यार्ड स्टोरेज के इंतजाम को आने वाले कई वर्षों के लिए उचित माना गया है। नए मास्टर प्लान में रायरू स्टेशन पर कंटेनर डिपो जरुर प्रस्तावित किया गया है। ताकि, कंटेनर वाला स्टोरेज वहां बढ़ाया जा सके। मौजूदा व्यवस्थाओं में कंटेनर डिपो की कमी है। जिस वजह से काफी समस्या का सामना करना पड़ता है।